प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी बोले-बेटियां भी हर क्षेत्र में लहरा रहीं परचम
कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने यूपी बोर्ड 2020 की परीक्षा में प्रयागराज में तीसरा स्थान प्राप्त करने वालीं छात्रा आंचल मौर्य को सम्मानित किया।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट के परीक्षाफल में फूलपुर के मलकापुर की होनहार आंचल मौर्य ने जिले में तीसरा स्थान हासिल कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। छात्रा की इसी उपलब्धि पर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने आंचल के फूलपुर में मलकापुर स्थित घर पहुंचकर प्रोत्साहन राशि, अंगवस्त्रम और उपहार भेंटकर सम्मानित किया। मंत्री नंदी ने आंचल की मां सावित्री देवी और पिता राजकुमार मौर्य का भी सम्मान किया।
यूपी बोर्ड की इंटर परीक्षा में आंचल को जिले में तीसरा स्थान मिला है
बता दें कि आंचल ने भुलाई का पूरा स्थित बच्चा राम इंटरमीडिएट कॉलेज में 12वीं की पढाई की। आंचल की मेहनत व लगन रंग लाई और उन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने कहा कि अब बेटियां भी हर क्षेत्र में परचम लहरा रही हैं। उन्होंने क्षेत्र की बालिकाओं को आंचल से प्रेरणा लेकर आगे बढऩे की बात कही। भाजपा के जिलाध्यक्ष अश्वनी द्विवेदी ने कहा कि प्राचीनकाल से ही भारत में नारी पूजनीय रही हैं और आज भी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं। सदैव इनका सम्मान करना चाहिए। इस मौके पर कुंवरजी केसरी, राय साहब केसरी, राजकुमार कश्यप, अभिषेक मौर्य, चंद्रजीत यादव, राजेंद्र केसरवानी, सुनील सदाव्रत आशीष केसरवानी, रामजी केसरी, आलोक गुप्ता, समरजीत मौर्य आदि रहे।
भाजयुमो ने किया मास्क का वितरण
भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने नवाबगंज मंडल के रेरूआ, इब्राहिमपुर व पुरे नक्कू में मास्क वितरण किया। मंडल अध्यक्ष सुनील सरोज ने मास्क वितरण करते हुए लोगों से अपील किया कि कोरोना वायरस के संक्रमण काल में आवश्यक कार्य से ही लोग घर से बाहर निकलें। घर से बाहर निकलने पर मास्क अवश्य लगाएं। इस मौके पर मोहम्मद सब्बीर, उमेश सरोज, शेखावत अली, कमल पटेल ,पिंटू सरोज, अतीक अहमद, राजेश सरोज,रवि सरोज, इरफान अली, मोहम्मद अकरम आदि उपस्थित रहे।