Mafia Atiq Ahmad के गुर्गे की 11 संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश, कई मामलों में है नामजद, धूमनगंज में हैं करोड़ों की संपत्ति
धूमनगंज थानांतर्गत मरियाडीह निवासी माजिद पुत्र अनवारुलहक उर्फ बच्चा मुंशी के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। वह माफिया अतीक अहमद गैंग का सदस्य है। सिविल लाइंस पुलिस ने उसके खिलाफ कुछ समय पहले गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की थी। पूरी रिपोर्ट पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को दी गई थी।
प्रयागराज, जेएनएन। माफिया अतीक अहमद के एक और गुर्गें की संपत्ति को कुर्क करने का आदेश जारी किया गया है। धूमनगंज क्षेत्र की इन संपत्तियों को कुर्क करने के लिए इंस्पेक्टर धूमनगंज को प्रशासक बनाया गया है। इन 11 संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी पुलिस ने शुरू कर दी है। पिछले तीन-चार महीने के दौरान अतीक अहमद समेत कई माफियाओं और उनके गुर्गो की करोडों रुपये कीमत की संपत्ती जब्त की जा चुकी है।
सिविल लाइंस थाने में गैंगस्टर के तहत की थी कार्रवाई
धूमनगंज थानांतर्गत मरियाडीह निवासी माजिद पुत्र अनवारुलहक उर्फ बच्चा मुंशी के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। वह माफिया अतीक अहमद गैंग का सदस्य है। सिविल लाइंस पुलिस ने उसके खिलाफ कुछ समय पहले गैंगस्टर के तहत कार्रवाई की थी। इसकी पूरी रिपोर्ट पुलिस और प्रशासन के अधिकारियों को दी गई थी। प्रशासन की तरफ से माजिद की 11 संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश दिया गया। धूमनगंज थाना प्रभारी अरुण चतुर्वेदी को इसका प्रशासक नियुक्त करते हुए माजिद की 11 संपत्तियों को कुर्क करने को कहा गया है।
पुलिस ने शुरू की चिह्नित संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी
आदेश मिलने के बाद पुलिस ने चिह्नित की गईं संपत्तियों को कुर्क करने की तैयारी भी शुरू कर दी है और जल्द ही कार्रवाई होगी। इसके पहले भी माजिद की दो और संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश दिया जा चुका है, लेकिन अभी तक उन संपत्तियों को कुर्क नहीं किया गया है। बताया जाता है कि जिन 11 संपत्तियों को कुर्क करने का आदेश दिया गया है, उसकी कीमत करोड़ों में है।