प्याज ने रुलाया तो टमाटर हुआ लाल, लहसुन का रेट भी छू रहा आसमान Prayagraj News
नई फसल तैयार होने के बाद बाजार में आने पर ही प्याज टमाटर और लहसुन की कीमतें घटेंगी। अभी तो इन सब्जियों के रेट आसमान छू रहा है।
प्रयागराज, जेएनएन। बारिश के बाद सब्जियों के रेट में तेजी से आए उछाल से लोगों को कुछ राहत जरूर मिली है। हालांकि प्याज, लहसुन और टमाटर की चढ़ी कीमतों से बाजार गर्म है। लहसुन की कीमत तो आसमान छू रही है। सब्जियों के भाव बढऩे से अक्टूबर में इसकी महंगाई 38.91 फीसद पर पहुंच गई।
प्रयागराज की मंडी में चीन का लहसुन भी
जिले की सबसे बड़ी थोक मंडी मुंडेरा में इस समय प्याज नासिक (महाराष्ट्र), शिवपुरी (मध्य प्रदेश) और बेंगलुरु, लहसुन राजस्थान और मध्य प्रदेश से मंगाया जा रहा है। चीन का लहसुन भी मंडी में पहुंच रहा है। जबकि टमाटर राबट्र्सगंज, मध्य प्रदेश के अलावा बेंगलुरु से भी आ रहा है। हाल ही में प्याज की कीमत कुछ गिरी थी। फिर 10-15 रुपये प्रति किग्रा. की वृद्धि दर्ज हुई है। लहसुन का दाम भी चढ़ गया है। बहरहाल, टमाटर के दाम में कमी आइ है। वहीं, खुल्दाबाद थोक मंडी में प्याज, लहसुन के साथ ही टमाटर का दाम भी बढ़ा है। फुटकर मंडियों में इन सब्जियों की कीमतों पर कोई नियंत्रण ही नहीं है। अलग-अलग मंडियों में एक ही सब्जी की कीमत अलग-अलग है।
नई फसलें होने पर कीमतें कम होंगी
मुंडेरा फल और सब्जी व्यापार मंडल के अध्यक्ष सतीश कुशवाहा का कहना है कि टमाटर का दाम पहले से कम हुआ है। हरी सब्जियों की कीमतें काफी कम हो गई हैं, लेकिन बारिश की वजह से स्थानीय प्याज की खेती पीछे है। नई फसलें होने पर कीमतें कम होंगी। खुल्दाबाद के आढ़ती शैफुद्दीन का कहना है कि नई प्याज 50 रुपये और पुरानी प्याज 60 रुपये प्रति किग्रा बिक रही है।
अब 15 को नहीं बंद होगी मुंडेरा मंडी
दिसंबर से मुंडेरा सब्जी मंडी 15 तारीख को बंद नहीं होगी। यह निर्णय मुंडेरा फल एवं सब्जी व्यापार मंडल ने लिया है। व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने बताया कि हर महीने की 15 तारीख को मंडी बंद रहती थी, लेकिन अब इस तिथि को मंडी बंद नहीं रखने का फैसला लिया गया है।
सब्जी मुंडेरा खुल्दाबाद फुटकर
प्याज 40-60 50-60 70-80
लहसुन 100-140 200-250 300-325
टमाटर 25-40 40-50 50-60
नोट : रेट रुपये प्रति किग्रा में।