अब बायोमीट्रिक अटेंडेंस की ऑनलाइन मानीटरिंग, फर्जीवाड़ा पर लगेगी रोक
कर्मचारियों के अटेंडेंस पर रोक लगाने के लिए आधार युक्त बायोमीट्रिक मशीन नगर निगम लगवाएगा। मुख्यालय समेत अन्य कार्यालयों में शीघ्र यह व्यवस्था शुरू होगी।
प्रयागराज : नगर निगम मुख्यालय समेत अन्य कार्यालयों में अब आधार युक्त बायोमीट्रिक अटेंडेंस होगी। इसके लिए नई बायोमीट्रिक मशीनें लगवाई जाएंगी। मशीनें आ चुकी हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों के आधार युक्त डॉटा कलेक्शन के बाद मशीनें लगाने का काम भी शीघ्र ही शुरू हो जाएगा। वहीं, बायोमीट्रिक मशीनें लगने के बाद अटेंडेंस की ऑनलाइन मॉनीटरिंग की जा सकेगी।
निगम मुख्यालय, सभी पांचों जोन (खुल्दाबाद, मुट्ठीगंज, कटरा, अल्लापुर और नैनी) और वार्ड कार्यालयों में बायोमीट्रिक मशीनें पहले से लगी हैं। लेकिन यह मशीनें आधार युक्त नहीं हैं। इससे कर्मचारियों, खासकर सफाई कर्मियों द्वारा उपस्थिति दर्ज कराने में फर्जीवाड़ा किया जाता रहा है। मसलन ओवरटाइम के लिए एक ही सफाई कर्मचारी दो-तीन स्थानों पर अटेंडेंस लगा देते हैं। इन्हीं सब गड़बडिय़ों पर नियंत्रण रखने के लिए स्मार्ट सिटी के तहत अब आधार बेस्ड बायोमीट्रिक मशीनें लगवाई जाएंगी।
कर्मचारियों व अधिकारियों का डॉटा कलेक्शन
स्मार्ट सिटी के तहत अब आधार बेस्ड बायोमीट्रिक मशीनें लगवाने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों का आधार युक्त डॉटा कलेक्शन लार्सन एंड टुब्रो के जरिए किया जा रहा है। इसके बाद मशीनें इंस्टाल करने का काम शीघ्र ही शुरू हो जाएगा।
100 बायोमीट्रिक मशीनें मंगाई गई
फिलहाल 100 बायोमीट्रिक मशीनें मंगाई गई हैं। सभी बायोमीट्रिक मशीनें एनआइसी के सॉफ्टवेयर से ऑनलाइन जोड़ी जाएंगी, ताकि कर्मचारियों की उपस्थिति की ऑनलाइन निगरानी की जा सके।
क्या कहते हैं आइटी अफसर
आइटी अफसर मणिशंकर त्रिपाठी का कहना है कि इस व्यवस्था से सभी कर्मचारियों की उपस्थिति में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हो सकेगी। उच्च अधिकारी कहीं से भी अटेंडेंस की निगरानी कर सकेंगे। अटेंडेंस के आधार पर ही कर्मचारियों का वेतन भी निकल सकेगा।