अब प्रयागराज की दीवारों के साथ सड़कों पर होगी थ्रीडी पेंटिंग Prayagraj News
प्रयागराज की सड़कों और दीवारें को खूबसूरत बनाने का प्रयास कुंभ के समय हुआ था। अब बची हुई दीवारों व सड़कों पर स्मार्ट सिटी योजना में तहत पेंट माय सिटी के तहत थ्रीडी पेंटिंग होगी।
प्रयागराज, जेएनएन। कुंभ मेला के दौरान शहर की अधिकांश सड़कों और दीवारों को चमकाया गया था। उस दौरान गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती नदियों के पावन संगम में स्नान के लिए देश के कोने-कोने से आए लोगों ने इसकी तारीफ भी की थी। वहीं विदेशी सैलानियों को भी यह पसंद आई थी। अब बचे हुए स्थानों पर थ्रीडी पेंटिंग कराई जाएगी। स्मार्ट सिटी बोर्ड की बैठक में थ्रीडी पेंटिंग को लेकर अनुमति मिलने के बाद यह काम जल्द शुरू करने की तैयारी चल रही है।
स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत हो रही कवायद
कुंभ के दौरान पेंट माई सिटी और पेंट माई वार्ड योजना से शहर के प्रमुख स्थानों को पेंट कर दिया गया था। जो स्थान छूट गए थे, अब उन्हें स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत पेंट कराया जाएगा। ताकि स्मार्ट सिटी में कोई कोना ऐसा न हो, जहां की दीवारें और सड़कें खूबसूरत न हों। अब जो पेंटिंग कराई जाएगी वह थ्रीडी होगी।
बोले नगर आयुक्त
नगर आयुक्त डॉ. उज्ज्वल कुमार का कहना है कि स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत थ्रीडी पेंटिंग के लिए सड़कों और दीवारों को चिह्नित किया गया है। टेंडर की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करा के काम जल्द शुरू कराया जाएगा।
स्मार्ट रोड पर रहेगी हरियाली
स्मार्ट सिटी योजना के अंतर्गत 16 नई सड़कों को स्मार्ट बनाया जाएगा। इन पर हरियाली का विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसमें विवेकानंद चौराहा से रोडवेज वर्कशॉप, सरोजनी नायडू रोड, लोहिया मार्ग, क्लाइव रोड, स्ट्रैची रोड, कूपर रोड, ताशकंद मार्ग, टीबी सप्रू रोड, कमला नेहरू रोड, शोभनाथ सिंह रोड, कटरा रोड, हाशिमपुर रोड, ममफोर्डगंज में त्रिपाठी चौराहा से कचहरी रोड, फौव्वारा चौराहा तक, मास्टर जहरूल हसन रोड, मिशन रोड शामिल है। इन रोड के किनारे पौधे लगाए जाएंगे, ताकि शहर में हरियाली बढ़े।