चाचा की शादी में डांस के दौरान भतीजे की मौत, प्रतापगढ़ में जानिए कैसे हुआ हादसा
आयुष को जनरेटर के नीचे फंसा देख लोग चीखने लगे। किसी तरह उसे जनरेटर के नीचे से निकाला गया तो उसके दोनों हाथ लहूलुहान थे। हाथों से काफी तेजी से खून बह रहा था। लोग उसे लेकर अस्पताल भागे। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में आयुष की मौत हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में सोमवार देररात एक दर्दनाक हादसा हुआ। चाचा की शादी की डांस कर रहा भतीजा अचानक जनरेटर पर गिर गया। इस दौरान उसके दोनों हाथ जनरेटर के नीचे आ गए और कट गए। हादसे के चलते शादी समारोह में अफरातफरी मच गई। चीख पुकार सुनकर लोग जुट गए। आनन में जख्मी किशोर को लेकर घर के लोग अस्पताल भागे। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में किशोर ने दम तोड़ दिया। किशोर की मौत से शादी की खुशियां काफूर हो गईं।
प्रयागराज के मेजा से आई थी बरात
प्रयागराज जिले के मेजा थाना क्षेत्र के बिगाही गांव निवासी सुनील कुमार गुप्ता का बेटा आयुष गुप्ता (12) अपने परिवार के चाचा के बरात आया था। बरात प्रतापगढ़ जिले में रानीगंज थानाक्षेत्र के पचरास गांव में आई थी। सोमवार देररात बरात जनवासे से निकली। लोग हंसी खुशी नाचते गाते हुए जा रहे थे। आयुष भी डांस करने लगा। डांस के दौरान अचानक वह जनरेटर पर गिर पड़ा। वह गिरा तो उसके दोनों हाथ जनरेटर के नीचे आ गए और कट गए।
कट गए थे दोनों हाथ, अस्पताल ले जाते समय हुई मौत
आयुष को जनरेटर के नीचे फंसा देख लोग चीखने लगे। किसी तरह उसे जनरेटर के नीचे से निकाला गया तो उसके दोनों हाथ लहूलुहान थे। हाथों से काफी तेजी से खून बह रहा था। आनन फानन में लोग उसे लेकर अस्पताल भागे। सीएचसी रानीगंज में हालत नाजुक देखकर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में ही आयुष की सांसे थम गईं। आयुष की मौत से घराती और बराती पक्ष गमगीन हो गए। किसी तरह शादी संपन्न हुई। लेकिन लड़की की विदाई नहीं हुई।