Naini Aerospace Limited में बनेगा सेटेलाइट का लूम, ISRO यहां के कर्मियों को देगा ट्रेनिंग
Naini Aerospace Limited प्रयागराज में अब सेटेलाइट का लूम बनाया जाएगा। इसे बनाने के लिए यहां के कर्मचारियों को इसरो ट्रेनिंग देगा। रक्षा मंत्रालय ने नैनी की इस इकाई को हल्के लड़ाकू विमान तेजस मार्क वन का लूम बनाने का आर्डर दिया है।
प्रयागराज, जेएनएन : प्रयागराज के नैनी में एयरोस्पेस लिमिटेड कंपनी है। भारतीय सेटेलाइट के लूम बनाने के लिए नैनी एयरोस्पेस लिमिटेड के कर्मचारियों को इसरो (इंडियन स्पेस रिसर्च ऑर्गनाइजेशन) की ओर से विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके लिए आठ कर्मचारियों को दो चरणों में प्रशिक्षण देने के लिए इसरो से जल्द बुलावा आने वाला है। दो चरणों में चार-चार कर्मचारियों को त्रिवेंद्रम में ट्रेनिंग देने की योजना है।
यहां लड़ाकू विमान तेजस का बन रहा लूम
रक्षा मंत्रालय ने नैनी की इस इकाई को हल्के लड़ाकू विमान तेजस मार्क वन का लूम बनाने का आर्डर दिया है। इसके लिए इसरो की एक टीम पिछले वर्ष नवंबर में इकाई का दौरा भी कर चुकी है। वह टीम इस इकाई को तेजस मार्क वन का लूम बनाने के लिए उपयुक्त पाई थी। टीम की रिपोर्ट के आधार पर इसे लूम बनाने के लिए मंत्रालय की स्वीकृति मिल गई थी। लूम तैयार करने वाले कर्मचारियों को ट्रेनिंग भी दी जानी है। प्रशिक्षण के बाद कर्मचारियों की परीक्षा होगी और उत्तीर्ण कर्मचारियों को सर्टिर्फिकेट भी दिया जाएगा।
स्किड हेलीकॉप्टर के भी लूम बने रहे
नैनी एयरोस्पेस लिमिटेड के प्रशिक्षण पाने वाले कर्मचारी ही सेटेलाइट के लूम बनाएंगे। बहरहाल, तेजस मार्क वन का लूम बनाने के लिए इकाई तैयारी कर रही है। तेजस लड़ाकू विमान और सेना के स्किड हेलीकॉप्टर के लूम पहले से ही बनाए जा रहे हैं। इकाई के बुधवार को सेवानिवृत्त हुए मुख्य कार्यकारी अधिकारी रजनीकांत मिश्रा का कहना है कि इसरो त्रिवेंद्रम में आठ कर्मचारियों को विशेष ट्रेनिंग देगा। ट्रेनिंग देने के लिए अभी तिथि तय नहीं है। लेकिन जल्द ट्रेनिंग शुरू होने की उम्मीद है।