Murder in UP Prayagraj: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में तैनात फौजी की हत्या, दो माह पूर्व छुट्टी पर आए थे घर
Murder in UP Prayagraj धूमनगंज थाना क्षेत्र के महेंद्र नगर मोहल्ले में रहने वाले आशुतोष कुमार थलसेना में हवलदार पद पर तैनात थे। उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में थी। करीब दो माह पहले वह छुट्टी पर घर आए थे। शुक्रवार को उन्हें वापस ड्यूटी पर जाना था।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज के धूमनगंज इलाके में शुक्रवार रात 38 वर्षीय फौजी आशुतोष कुमार सिंह की हत्या कर दी गई। हत्यारों ने ईंट-पत्थर से कूचकर थलसेना में हवलदार को मौत के घाट उतार दिया। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं फौजी के परिवार में मातम छा गया है। पुलिस कातिलों की तलाश कर रही है। हालांकि अभी वह फरार ही हैं।
धूमनगंज थाना क्षेत्र के महेंद्र नगर मोहल्ले में रहने वाले आशुतोष कुमार थलसेना में हवलदार पद पर तैनात थे। उनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर के उधमपुर में थी। करीब दो माह पहले वह छुट्टी पर घर आए थे। शुक्रवार को उन्हें वापस ड्यूटी पर जाना था। पिता अशोक कुमार ने पुलिस को बताया कि रात करीब 10 बजे उनकी बहू के पास एक महिला का फोन आया। उसने बताया कि कुछ लड़कों ने आशुतोष को ईंट-पत्थर से मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
एक महिला के खिलाफ हत्या की साजिश का आरोप
जानकारी मिलते ही अशोक कुछ लोगों के साथ कंहईपुर मोहल्ले में पहुंचे तो आशुतोष कार की पिछली सीट पर मरणासन्न की हालत में पड़े थे। आनन-फानन में घरवाले उन्हें मिलिट्री अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार में मातम छा गया। धूमनगंज पुलिस भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। इसके बाद पिता अशोक ने एक महिला के खिलाफ हत्या की साजिश का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। यह भी आरोप है कि महिला घटना के दौरान आशुतोष के साथ थी। उसने पूछने पर बताया कि मोमोज खाने के लिए निकली थी, तभी रास्ते में बैठे युवकों ने हार्न बजाने पर विवाद किया और फिर ईंट-पत्थर से हमला कर दिया।
बोले, इंस्पेक्टर धूमनगंज
हालांकि इंस्पेक्टर धूमनगंज अरुण चतुर्वेदी का कहना है कि प्रथम दृष्टया हार्न बजाने को लेकर मारपीट होने पर फौजी को चोट आई, जिससे उसकी मौत हुई। आरोपितों की तलाश की जा रही है।