Murder in Pratapgarh : विधायक के गांव में सरेशाम राजगीर की गोली मारकर हत्या, जाने क्या थी वजह
Murder in Pratapgarh पूरे ईश्वरनाथ गांव का 45 वर्षीय राजगीर रामपाल काम करके घर पैदल ही जा रहा था। घर के पास ही अपाचे बाइक से आए दो बदमाशों ने उसे रोका और कनपटी में सटाकर गोली मार दी। इसके बाद भाग निकले।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ जिले में सदर विधायक के गांव नगर कोतवाली क्षेत्र के पूरे ईश्वरनाथ में बदमाशों ने रविवार रात करीब आठ बजे एक राजगीर की गोली मारकर हत्या कर दी। इससे जिले में सनसनी फैल गई। यह वारदात जिले में कार्यवाहक एसपी सचिंद्र पटेल के चार्ज लेने के दिन होने से पुलिस के लिए चुनौती बन गई है। पुलिस बदमाशों की तलाश में लगी है।
काम करके घर लौट रहा था रामपाल
पूरे ईश्वरनाथ गांव का 45 वर्षीय राजगीर रामपाल काम करके घर पैदल ही जा रहा था। घर के पास ही अपाचे बाइक से आए दो बदमाशों ने उसे रोका और कनपटी में सटाकर गोली मार दी। इसके बाद भाग निकले। फायरिंग की आवाज से इलाके में सनसनी फैल गई। आसपास के लोग गोली चलने की आवाज सुनकर पहुंचे व पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से रामपाल को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत बताया। घटना की सूचना पाकर सीओ सिटी अभय कुमार पांडेय, कोतवाल रवीेंद्र राय पहुंचे। उधर, राजगीर की हत्या से घरवालों में कोहराम मचा हुआ है।
विधायक पहुंचे अस्पताल
अस्पताल में सदर विधायक राजकुमार पाल भी पहुंचे। बदमाशों की धरपकड़ का निर्देश दिया। हत्या के पीछे पुरानी रंजिश को वजह माना जा रहा है। कार्यवाहक एसपी सचिंद्र पटेल का कहना है कि हमलावरों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं।