Murder in Pratapgarh: चाकू से गोदकर विवाहिता की नृशंस हत्या, बाग में मिला रक्तरंजित शव
Murder in Pratapgarh एसओ जीतेंद्र ने बताया कि करीब 27 वर्षीय महिला के शरीर पर धारदार हथियार से कटे के निशान मिले हैं। गले के पीछे से खून बहा था। वार चाकू के लग रहे हैं। जमीन पर भी आसपास खून के निशान मिले हैं। जांच की जा रही है।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में सांगीपुर थाना के बासूपुर उसरापट्टी बाग में विवाहिता की चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। उसका रक्त रंजित शव शनिवार को बाग में मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच-पड़ताल के बाद शव कब्जे में लिया। हालांकि देर शाम तक यह पता नहीं चल पाया कि महिला कौन थी, कहां की थी। पुलिस हत्या के रहस्य से पर्दा उठाने का प्रयास कर रही है।
बाग में सुबह करीब साढ़े छह बजे शौच को जा रहे कुछ ग्रामीणों ने जमीन पर पड़ी महिला की लाश को देखा तो अवाक रह गए। उत्सुकतावश नजदीक पहुंचे तो शव रक्तरंजित देख सन्न रह गए। लोगों ने भागकर गांव के अन्य लोगों को घटना की सूचना दी। वहां भारी भीड़ जुट गई। सीओ राम सूरत सोनकर व एसओ मौके पर पहुंचे। मृत महिला की शिनाख्त में पुलिस जुट गई। काफी खोजबीन के बाद भी शिनाख्त नहीं हो पाई।
एसओ जीतेंद्र ने बताया कि करीब 27 वर्षीय महिला के शरीर पर धारदार हथियार से कटे के निशान मिले हैं। गले के पीछे से खून बहा था। वार चाकू के लग रहे हैं। जमीन पर भी आसपास खून के निशान मिले हैं। जांच की जा रही है।
अनुमान लगाया गया कि महिला ने अपनी जान बचाने का पूरा प्रयास किया होगा। उसकी दशा व बेरहमी से किए गए वार से खून में डूबे शरीर को देखकर लोगों को लगा कि इतनी आसानी से उसकी जान नहीं ली गई है। शव के बगल में बटन वाला मोबाइल, पुरुष के एक हाथ का दस्ताना तथा चाकू का टुकड़ा भी बरामद हुआ है। करीब 20 फीट दूर झाड़ी के पास एक पॉलिथीन में कपड़े भी मिले हैं। महिला के दाएं हाथ में रक्षा कलावा बंधा है, लेकिन हाथ की चूडिय़ां नहीं दिखीं। दोनों पैरों में पायल व सैंडिल पहने थी। उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त देखकर पुलिस को कई क्लू भी मिले। आसपास के लोग नहीं पहचान सके तो तय है कि वह महिला कहीं दूर की है। उक्त महिला को कुछ या कई लोग वहां लाए होंगे। हो सकता है कि उसकी इज्जत से खेलना चाहे हों।
सीओ लालगंज ने राम सूरत सोनकर ने कहा कि ऐसा प्रतीत हो रहा है कि महिला की चाकू से हत्या की गई है। शव के पास मिले मोबाइल को सर्विलांस में लगवाया गया है शीघ्र घटना का राजफाश किया जाएगा।