Coronavirus Effect : ऑनलाइन आवेदन करें, नगर निगम प्रयागराज आपके घर काे सैनिटाइज्ड करेगा
कोरोना संक्रमण के तेजी से फैलने से लोगों को अपने घरों में भी सैनिटाइजेशन कराने की आवश्यकता होने लगी है। ऑनलाइन आवेदन कर प्रयागराज नगर निगम से इसकी सुविधा मिल सकती है।
प्रयागराज, जेएनएन। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों को लेकर लोग घरों को भी सैनिटाइज्ड करवा रहे हैं। इसके मद्देनजर लोगों की सुविधा के लिए घरों में सैनिटाइजेशन कराने के लिए नगर निगम प्रशासन ने नई व्यवस्था की है। ऑनलाइन आवेदन करने पर घरों में सैनिटाइजेशन करवाया जाएगा। इसके लिए मकान के एरिया और दूरी के हिसाब से लोगों से चार्ज लिया जाएगा।
चार्ज लेकर निगम घरों में कराएगा सैनिटाइजेशन
कोरोना संक्रमण के तेजी से होते फैलाव के दायरे में शहर का लगभग हर मोहल्ला और गली आती जा रही है। इससे लोगों को अपने घरों में भी सैनिटाइजेशन कराने की आवश्यकता होने लगी है। इसके लिए लोगों को नगर निगम मुख्यालय और जोन कार्यालयों में चक्कर न काटना पड़े, इसलिए हाल ही में निगम प्रशासन ने घरों में सैनिटाइजेशन कराने के लिए ऑनलाइन सुविधा शुरू किया है।
निगम की वेबसाइट पर उपलब्ध है आवेदन फार्म
निगम की वेबसाइट allahabadmc.gov.in (इलाहाबादएमसीडॉटजीओवीडॉटइन) पर आवेदन फार्म उपलब्ध है। इसमें लोगों को अपना नाम, पिता का नाम, पता, लैंडमार्क, पिनकोड, ई-मेल आइडी, मोबाइल नंबर, नगर निगम मुख्यालय से दूरी, मकान का एरिया स्क्वायर फीट और एमाउंट भरना पड़ेगा। सैनिटाइजेशन के लिए 1.2 रुपये प्रति स्क्वायर फीट रेट निर्धारित किया गया है।
आवेदन के बाद जेडओ से करना होगा संपर्क
आवेदन के बाद जोनल अधिकारियों (जेडओ) और सैनिटाइजेशन से संबंधित अधिकारियों से संपर्क करना होगा। वेबसाइट पर इनके नंबर भी दिए गए हैं। नगर स्वास्थ्य अधिकारी उत्तम वर्मा का कहना है कि ऑनलाइन व्यवस्था लोगों की सुविधा के लिए लागू की गई है। वेबसाइट हमेशा देखी नहीं जा सकती है, इसलिए व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों के नंबर उसमें दिए गए हैं।
कोरोना संक्रमित घरों के लिए सुविधा नहीं
नगर स्वास्थ्य अधिकारी का कहना है कि जिन घरों में कोई कोरोना का मरीज है। उन घरों में निगम सैनिटाइजेशन नहीं कराएगा। बल्कि वहां स्वास्थ्य विभाग सैनिटाइजेशन कराएगा, इसलिए ऐसे लोगों को स्वास्थ्य विभाग को सूचना देनी होगी।