नगर निगम की कूड़ा गाड़ी सुनाएगी जिंगल बेल, करेगी विधान सभा चुनाव के मतदाताओं को जागरूक
उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव 2021 के लिए लोगों में मतदान के प्रति जागरूकता लाने के लिए निर्वाचन आयोग सक्रिय है। इसी क्रम में नगर निगम की कूड़ा गाड़ी भी मतदाताओं को चुनाव के प्रति जागरूक करेगी। इसके लिए तैयारी कर ली गई है।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। यूपी विधान सभा चुनाव 2021 को लेकर सियासी दल सक्रिय हो चुके हैं। वहीं निर्वाचन आयोग ने भी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। जनमानस को जागरूक करने के साथ मतदाता बनने के लिए भी प्रेरित किया जा रहा है। जल्द ही नगर निगम की कूड़ा उठाने वाली गाड़ी भी जिंगल बेल सुनाकर लोगों को मतदान के लिए प्रेरित करेगी। किस तरह से वोटर बन सकते हैं, इसकी भी जानकारी छोटे-छोटे स्लोगन के जरिए दी जाएगी।
मतदाताओं की जागरूकता को यह है योजना
विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावली 2022 के लिए एनआइसी में वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यशाला आयोजित की गई। इसमें विभिन्न जिलों के डिस्ट्रिक्ट स्वीप नोडल अधिकारी, कोआर्डिनेटर, नोडल मास्टर ट्रेनर शामिल हुए। कार्यशाला का संचालन अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डा. ब्रह्म रामदेव तिवारी ने किया। उन्होंने बताया कि कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को मतदाता सूची में शामिल कराना, मतदान के प्रति लोगों को प्रेरित करना है। तमाम सुझाव भी आए हैं। सभी पर सकारात्मक ढंग से विचार किया जा रहा है। जल्द ही उस दिशा में कार्य भी शुरू हो जाएगा।
इंटरनेट मीडिया की भी ली जाएगी मदद
सूचनाओं के विस्तार में इंटरनेट मीडिया की भी मदद ली जाएगी। फेसबुक, व्हाट्सएप ग्रुप, ट्विटर, इंस्टाग्राम के माध्यम से सूचनाएं प्रसारित होंगी। अपर निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता बनने के लिए पूरी प्रक्रिया फ्लोचार्ट के माध्यम से बताई जाएगी, जिससे लोग फार्म छह, सात और आठ या अन्य फार्म भर कर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल या संशोधित करवा सकें। जनपद के नोडल अनुपम परिहार ने भी मतदाताओं को जागरूक करने संबंधी जानकारी दी। बताया कि स्कूलों में रैली, निबंध लेखन, स्लोगन लेखन व क्विज का आयोजन कर जानकारी दी जा रही है। इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर श्रद्धा सिन्हा, विश्वनाथ मिश्र व कई स्कूलों के प्रधानाचार्य मौजूद रहे।