गंगा किनारे नीवां कछार से तेलियरगंज तक बनेगा बहुउद्देश्यीय बांध Prayagraj News
बाढ़ से स्थायी राहत के लिए ही बांध बनवाने की सरकार की योजना है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दैनिक जागरण को बताया कि बांध के लिए जल्द ही डीपीआर तैयार होगा।
प्रयागराज,जेएनएन । शहर को एक और बड़ी सौगात मिलने वाली है। गंगा किनारे नीवां कछार से तेलियरगंज तक बहुउद्देश्यीय बांध के निर्माण की प्रदेश सरकार तैयारी कर रही है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इसके लिए कोशिशें शुरू कर दी हैं। इस बांध से न सिर्फ बाढ़ से बचाव होगा बल्कि इस पर आवागमन भी हो सकेगा। इससे शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात का दबाव कम होगा।
दर्जनों मोहल्लों को मिलेगी बाढ़ से राहत
गंगा में बाढ़ से नीवां कछार, द्रौपदी घाट, मऊ सरैया, नेवादा, राजापुर, गंगानगर, बेली गांव, बेली कछार, म्योराबाद, मेंहदौरी, शंकरघाट, तेलियरगंज समेत एक दर्जन से ज्यादा मोहल्ले प्रभावित होते हैैं। इस साल अगस्त और सितंबर में बाढ़ के कारण काफी क्षति हुई थी। उप मुख्यमंत्री दो दिन बाढ़ प्रभावित इलाकों में दौरा कर राहत सामग्री वितरित कराए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी आए थे और बाढग़्रस्त क्षेत्रों में जाकर प्रभावितों को राहत सामग्री दिलवाए थे। तीन लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए थे। यही नहीं, 58 हजार लोग बेघर हो गए थे। प्रभावित लोग 15 दिन से ज्यादा अपने घरों से बाहर थे। लगभग 20 हजार लोगों को शहर के बाढ़ राहत शिविरों में तीन हफ्ते तक रखा गया था। इसके पहले 2013, 2016, 2017 में भी लोगों को बाढ़ से परेशानी का सामना करना पड़ा था। पूर्व में भी बाढ़ निचले इलाकों में परेशानी का सबब बनती रही।
बाढ़ से स्थायी राहत की योजना
बाढ़ से स्थायी राहत के लिए ही बांध बनवाने की सरकार की योजना है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने दैनिक जागरण को बताया कि बांध के लिए जल्द ही डीपीआर तैयार होगा। वह इसके लिए शीघ्र ही संबंधित विभागों के अफसरों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। बांध निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू कराना उनकी प्राथमिकता में है।
बांध पर चल सकेंगे वाहन
उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बताया कि गंगा किनारे बांध सरकार की योजना में है। निचले इलाकों में बाढ़ से बड़ी आबादी परेशान होती है। बांध के निर्माण से बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत मिलेगी। इस बांध पर वाहन भी चल सकेंगे, जिससे शहर की कई प्रमुख सड़कों पर यातायात का दबाव कम होगा।
खास बातें
08 किमी लंबे बांध को द्रौपदी घाट, बेली कछार में शहर से जोड़ेंगे
02 सर्विस लेन भी बनाने की योजना, जगह-जगह एंटीक बेंच लगेगी
03 लाख से ज्यादा की आबादी को गंगा में बाढ़ से मिलेगी बड़ी राहत
02 हजार करोड़ रुपये से बनने वाले फाफामऊ पुल से भी जुड़ेगा