सांसद रीता जोशी बोलीं- देश और प्रदेश का सौभाग्य है कि मोदी व योगी जैसा नेता मिला
सांसद प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी ने कहा कि किसानों के हितों और विकास के लिए मोदी-योगी ने जितना कार्य किया किसी सरकारों में नहीं हुआ। जब किसान आंदोलन चल रहा था तो भी प्रयागराज के किसान भाजपा के साथ थे।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। सौभाग्य से देश और प्रदेश को विकास पुरुष नेताओं की जोड़ी अर्थात मोदी व योगी मिले हैं। प्रधानमंत्री मोदी के सपने को धरती पर उतारने का कार्य योगी आदित्य नाथ कर रहे हैं। अब तक योगी आदित्यनाथ ने केंद्र की 44 योजनाओं को यूपी में बेहतर ढंग से लागू किया। इस कार्य से प्रदेश की छवि निखरी है। यह दावा इलाहाबाद सांसद डा. रीता बहुगुणा जोशी ने किया।
सांसद ने विपक्ष पर किया बातों का हमला
सांसद रीता जोशी ने कहा कि किसानों के हितों और विकास के लिए मोदी-योगी ने जितना कार्य किया किसी सरकारों में नहीं हुआ। जब किसान आंदोलन चल रहा था तो भी प्रयागराज के किसान भाजपा के साथ थे। विपक्ष पर हमला करते हुए डा. जोशी ने कहा कि तुम जिन्ना-पिन्ना कर महापुरुषों और देश का अपमान करते रहो। हम विकास करते रहेंगे। जब-जब तुम्हारी पोथी खुलेगी घपला-घपला ही रहेगा, जिसका जनता जबाब देगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने योगी सरकार की तारीफ की
भाजपा जिलाध्यक्ष यमुनापार विभवनाथ भारती ने कहा जितना कार्य आजादी के बाद योगी ने किया अभी इतिहास में किसी सरकार ने किसानों के लिए नहीं किया। इसलिए आप किसानों को भी 2022 में भी भाजपा का साथ देना होगा। किसानों से खाद-बीज के बदले लाठी से मुक्ति दिलाने का कार्य योगी सरकार ने ही किया। किसान सम्मान निधि, कृषक यंत्रों के छूट के साथ दर्जनों योजनाओं के माध्यम से किसानों के लिए राज्य और केन्द्र सरकार कार्य कर रही है।
किसानों ने निकाली ट्रैक्टर रैली
यमुनापार के कुशलगढ़ मंदिर से भाजपा ने ट्रैक्टर रैली निकाली। सासंद प्रो. रीता बहुगुणा जोशी व जिलाध्यक्ष विभवनाथ भारती ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रैक्टर रैली कुशगढ से चलकर नऊया बाजार, कऊया बाजार, कैथी चौराहा, बरदहा होते हुए करछना ब्लाक मुख्यालय पर समाप्त हुई। इस दौरान जय जवान, जय किसान, जय विज्ञान, वंदेमातरम्, भारत माता की जय के नारे लगाए गए। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री तारा शंकर पांडेय व जिला महामंत्री आदेश सिंह ने किया। इस अवसर पर किसानों के साथ टैक्टर रैली संयोजक सेवा लाल पटेल, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष सुधाकर पांडेय, किसान मोर्चा जिला उपाध्यक्ष राजेश शुक्ला,आशीष मिश्रा,हृदयेश मिश्रा, अरविंद शुक्ला,योगेश पांडे, मुकेश पांडे,गिरीश कुमार चतुर्वेदी, संजय पाल आदि मौजूद रहे।