संकल्प पदयात्रा : मऊआइमा क्षेत्र के लोगों को सांसद केशरी ने गांधीजी के आदर्श बताए Prayagraj News
फूलपुर की सांसद केशरी देवी पटेल ने कहा कि महात्मा गांधी सत्य एवं दृढ़ निश्चय का अद्भुत संगम थे। वह संकल्प यात्रा के दौरान लोगों को उनके विचारों से अवगत करा रही थीं।
प्रयागराज, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी की ओर से आयोजित गांधी संकल्प पदयात्रा के तीसरे दिन शुक्रवार को फूलपुर सांसद केशरी देवी पटेल के नेतृत्व में मऊआइमा में पदयात्रा निकाल कर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। मऊआइमा क्षेत्र के आधा दर्जन से ज्यादा गांवों में भी यात्रा निकाली गई। कार्यकर्ता राष्ट्रीय ध्वज एवं भाजपा का झंडा लेकर चल रहे थे। गांधीजी के अमर रहने के नारे भी लगाए जा रहे थे। इस दौरान साफ-सफाई भी की गई। इसी प्रकार उन्होंने गुरुवार को सोरांव क्षेत्र में भ्रमण किया था। मलाक चतुरी से यात्रा शुरू हुई।
बोलीं सांसद, गांधीजी सत्य एवं दृढ़ निश्चय का अद्भुत संगम थे
इस दौरान सांसद केशरी देवी पटेल ने कहा कि गांधीजी सत्य एवं दृढ़ निश्चय का अद्भुत संगम थे। विभिन्न पार्टियों ने गांधीजी के नाम का सिर्फ उपयोग किया मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके सपनों को साकार करने के लिए संकल्प लेकर स्वच्छता अभियान को जन आंदोलन बनाया। इसके अलावा जल संरक्षण एवं प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने के लिए अपना मजबूत कदम आगे बढ़ाया है। यात्रा लखनीपुर, बारी, नया पुरवा, सराय लाल खातून, जुड़ापुर, दादू उसरी, शिवगढ़ होते हुए अमन गेस्ट हाउस पर संपन्न हुई। पदयात्रा में गंगापार अध्यक्ष कन्हैया लाल पांडेय, अमरनाथ तिवारी, पूर्व विधायक प्रभाशंकर पांडेय, योगेश मौर्य, सुरेंद्र चौधरी, राम पलट यादव, कविता पटेल, विजय पटेल, मीडिया प्रभारी पवन श्रीवास्तव, मिठाई लाल आदि शामिल रहे।
छात्र परिषद के विरोध में एकजुट हो रहे छात्र
संयुक्त संघर्ष समिति की बैठक छात्रसंघ भवन में हुई। इसमें छात्र परिषद का विरोध किए जाने का निर्णय लिया गया। छात्राओं को एकजुट किया जा रहा है। छात्रसंघ के निवर्तमान उपाध्यक्ष अखिलेश यादव ने विश्वविद्यालय व संघटक कॉलेजों के छात्र-छात्राओं का आह्वान किया है कि वह सविनय अवज्ञा आंदोलन में बढ़-चढ़कर शामिल हों। इस मौके पर रिचा सिंह, उदय प्रकाश यादव आदि मौजूद रहे।