संकल्प पदयात्रा निकालकर सांसद व मंत्री जन समस्याओं से रूबरू हुए Prayagraj News
महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में भाजपा के मंत्री और सांसद ने संकल्प पदयात्रा शुरू हुई। इस दौरान वह लोगों की समस्याओं से अवगत हुए। साथ ही समाधान का आश्वासन भी दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में संकल्प पदयात्रा प्रदेश के मंत्री सिद्धार्थनाथ और फूलपुर की सांसद केशरी देवी पटेल ने शुरू की। पदयात्रा का लूकरगंज से शुभारंभ किया गया। इस दौरान अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। रास्ते में सांसद और मंत्री ने जन समस्याएं भी सुनीं और उसके तत्काल निराकरण का आश्वासन भी दिया।
पदयात्रा में शामिल हुए भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता
फूलपुर की सांसद केसरी देवी पटेल की संकल्प पदयात्रा बुधवार को सुबह शहर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र के लूकरगंज से शुरू हुई। उनके साथ प्रदेश के सूक्ष्म, लघु व मध्यम उद्योग, रेशम-वस्त्रोद्योग, निवेश-निर्यात प्रोत्साहन, खादी व ग्रामोद्योग मंत्री एवं प्रदेश सरकार के प्रवक्ता सिद्धार्थनाथ सिंह भी मौजूद रहे। पदयात्रा में क्षेत्रीय विधायक, मंत्री के मीडिया प्रभारी दिनेश तिवारी और भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उत्साह के साथ शामिल रहे।
लोगों की समस्याओं से हुए अवगत
पदयात्रा के दौरान सांसद केशरी देवी पटेल व मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह ने रास्ते में रुककर लोगों से मुलाकात की। साथ ही उनकी समस्याएं भी जानी। लोगों क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराते हुए उनसे इसके निदान की मांग की। इस पर सांसद और मंत्री ने लोगों को समस्या के समाधान शीघ्र कराने का आश्वासन दिया। इसके लिए अधिकारियों को निर्देशित किया। खुल्दाबाद मंडल में जनसंवाद का भी आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर निर्मला पासवान, रामलोचन साहू, छत्रपति सिंह पटेल, प्रधान रंजीव सिंह पटेल, पवन श्रीवास्तव, ज्ञानेश्वर शुक्ला, प्रदीप पांडेय, सुनील श्रीवास्तव, अरुण दुबे, पारस श्रीवास्तव, नंदलाल सिंह पटेल मौजूद रहे।
गुरुवार को संकल्प पदयात्रा प्रीतमनगर में निकलेगी
प्रदेश के मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह गुरुवार की सुबह नौ बजे शहर पश्चिम के प्रीतमनगर इलाके में संकल्प पदयात्रा निकालेंगे। इस दौरान वह शेरवानी मोड़, प्रीतमनगर के लोगों से मुलाकात करेंगे और उनकी समस्याओं से रूबरू होंगे।