सीएमपी डिग्री कॉलेज में दर्ज हुई सर्वाधिक 16 आपत्तियां
इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संघटक महाविद्यालय सीएमपी डिग्री कॉलेज में सर्वाधिक 16 आपत्तियां दर्ज की गई। अध्यक्ष पद पर छह, उपाध्यक्ष पर चार व महामंत्री पद पर छह लोगों ने आपत्तियां दर्ज कराई।
जासं, इलाहाबाद : इलाहाबाद विश्वविद्यालय के संघटक महाविद्यालय सीएमपी डिग्री कॉलेज में गुरुवार को दोपहर दो तक आपत्तियां ली गई। इस दौरान तीन प्रमुख पदों पर नामांकन करने वाले प्रत्याशियों के नाम पर कुल 16 आपत्तियां दाखिल की गई। इनमें अध्यक्ष के पद पर छह, उपाध्यक्ष पद पर चार व महामंत्री पद पर छह आपत्तियां दाखिल की गई हैं। चुनाव अधिकारी डॉ. अर्चना पांडेय ने बताया कि जो 16 आपत्तियां आई हैं, उनमें ज्यादातर डॉक्यूमेंट में गड़बड़ियों को लेकर हैं। इनका परीक्षण किया जा रहा है। शुक्रवार को नाम वापसी के बाद शाम चार बजे तक वैध सूची का प्रकाशन कर दी जाएगी। एडीसी में आई पांच आपत्तियां :
इलाहाबाद डिग्री कॉलेज में भी कुल पांच आपत्तियां दाखिल की गई हैं। इनमें अध्यक्ष के पद पर एक, उपाध्यक्ष पद पर सबसे ज्यादा चार आपत्ति दाखिल की गई है। एडीसी में शुक्रवार को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। यहां 29 सितंबर को नाम वापसी के बाद अंतिम सूची का प्रकाशन होगा। एडीसी में नामांकन पर दाखिल पांचों आपत्तियों में एक-दो ने ही साक्ष्य दिया है। छात्र स्वतंत्रता संघर्ष समिति ने भी घोषित किया पैनल :
इलाहाबाद विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव को लेकर छात्र स्वतंत्रता संघर्ष की गुरुवार को बैठक हुई। इसमें निर्णय लिया गया कि छात्र स्वतंत्रता संघर्ष के बैनर तले इलाहाबाद विश्वविद्यालय में उपाध्यक्ष पद पर संदीप वर्मा व सीएमपी से अध्यक्ष पद पर शैलेंद्र सिंह व महामंत्री पद पर सबील अहमद चुनाव लड़ेंगे। यह जानकारी मीडिया प्रभारी विष्णु प्रताप सिंह ने दी। वहीं छात्र जनता दल यू के प्रदेश अध्यक्ष अनिरुद्ध सिंह ने छात्रसंघ चुनाव के लिए उपाध्यक्ष पद पर आशुतोष श्रीवास्तव, सांस्कृतिक सचिव पर विजय कुमार मौर्य तथा विज्ञान संकाय प्रतिनिधि पर अनिल कुमार मौर्य को लड़ाने का निर्णय लिया है।