राजरूपपुर में मासूम से छेडख़ानी, विरोध करने पर मारपीट और फायरिंग की Prayagraj News
वह अन्य बालिकाओं के साथ राजरूपपुर मोहल्ले में खेल रही थी। इसी दौरान कुछ युवक पहुंचे और छेड़खानी करने लगे। विरोध करने मां पहुंची तो मारपीट व फायरिंग की। केस दर्ज हुआ है।
प्रयागराज, जेएनएन। राजरूपपुर इलाके में मासूम बच्ची से छेड़खानी को लेकर मारपीट, पथराव व फायरिंग की गई। बच्ची की मां की तहरीर पर धूमनगंज पुलिस ने शनि भारतीय, शंभू, सौरभ व कुछ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। साथ ही मामले की पुलिस जांच कर रही है।
सात साल की बालिका अन्य बच्चों के साथ खेल रही थी
राजरूपपुर निवासी महिला का आरोप है कि उसकी सात साल की बेटी मुहल्ले में कुछ बच्चों के साथ खेल रही थी। इसी दौरान वहां पहुंचे शनि समेत अन्य ने बच्ची के साथ अश्लील हरकत शुरू कर दी। बच्ची की चीख-पुकार सुन वह मौके पर पहुंची तो युवक उससे भी गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर युवकों ने बच्ची के कपड़े फाड़ दिए और पथराव करते हुए गोली चलाई। इससे मुहल्ले में खलबली मच गई। हालांकि इंस्पेक्टर धूमनगंज का कहना है कि बच्चों के बीच विवाद हुआ था। प्रथम दृष्टया छेड़खानी व फायङ्क्षरग की बात गलत लग रही है। फिलहाल तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही है।
महिला से छेड़खानी करने वाला गिरफ्तार
धूमनगंज में रहने वाली एक महिला से घर में घुसकर एक शख्स ने छेड़खानी की। विरोध पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और कपड़े फाड़ दिए। घटना के बाद महिला ने थाने पहुंचकर टीटू यादव के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराया। पुलिस का कहना है कि टीटू ने शराब पीकर छेड़खानी की थी। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
छात्रा से छेड़खानी, अपहरण की धमकी
गोविंदपुर इलाके में रहने वाली एक छात्रा से कुछ लोगों ने छेड़खानी की। विरोध पर उसका अपहरण करने की धमकी भी दी। परेशान होकर छात्रा के पिता ने कर्नलगंज थाने में निलेश मिश्रा और उसके कुछ साथियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रोफेसर ने देवर पर छेड़खानी का केस दर्ज कराया
इलाहाबाद विश्वविद्यालय की एक महिला प्रोफेसर ने अपने देवर समेत तीन लोगों के खिलाफ छेड़खानी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि देवर ने गाली-गलौज करते हुए अश्लील हरकत की। हालांकि कर्नलगंज पुलिस का कहना है दोनों पक्षों के बीच मकान को लेकर विवाद चल रहा है। तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।