आखिर कहां है बेली अस्पताल में पिछले तीन माह से गायब मरीज, इसका पता लगाएगी एसआइटी
पुलिस उन्हें खोजने में नाकाम रही। तब बेटे ने हाई कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की जिस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट फटकार लगाते हुए लापरवाह कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए कहा था। अब वृद्ध मरीज को एसआइटी ढूंढेगी।
प्रयागराज, जागरण संवाददाता। प्रयागराज के तेज बहादुर सप्रू अस्पताल (बेली अस्पताल) में भर्ती बुजुर्ग मरीज आखिरकार कहां गायब हो गया है। इसका पता अब पुलिस की एसआइटी लगाएगी। कैंट पुलिस पिछले तीन महीने से गायब राम लाल यादव के बारे में जानकारी नहीं जुटा सकी है। पता नहीं चल सका कि वह कहां और किस हाल में हैं। इसकी तफ्तीश अब एसआइटी करेगी। पुलिस की यह कवायद हाईकोर्ट की फटकार लगाने के बाद शुरू हुई है।
82 वर्षीय राम लाल यादव को मई में बेटे ने भर्ती कराया था
कौशांबी निवासी राम लाल यादव कनिष्ठ अभियंता पद से रिटायर हो चुके हैं। उनकी उम्र करीब 82 वर्ष है। बेटे राहुल यादव उन्हें मई 2021 में टीबी सप्रू बेली अस्पताल में इलाज कराने के लिए ले गए थे। जांच में वह कोरोना संक्रमित पाए गए थे। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कर दिया गया था। दो दिन बाद राहुल को बताया गया कि राम लाल का अक्सीजन लेवल गिर गया है, जिस पर उन्हें ट्रामा में भर्ती करने की जानकारी दी गई मगर इसके बाद राम लाल गायब हो गए।
पुलिस खोजने में नाकाम रही तो हाई कोर्ट की शरण ली
बेली अस्पताल प्रशासन ने कहा कि वह घर चले गए हैं, जबकि राहुल का तर्क था कि उनके पिता की उम्र ज्यादा है। वह ठीक से चल नहीं पा रहे हैं। ऐसी दशा में वह अस्पताल से कैसे जा सकते हैं। काफी खोजबीन के बाद भी जब कुछ पता नहीं चला तो राहुल ने कैंट थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई, लेकिन पुलिस उन्हें खोजने में नाकाम रही। तब बेटे ने हाई कोर्ट में बंदी प्रत्यक्षीकरण याचिका दायर की, जिस पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट फटकार लगाते हुए लापरवाह कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई करने के लिए कहा था। अब इसी प्रकरण में शासन स्तर से एसआइटी गठित की है, जो गायब राम लाल का पता लगाएगी।