धान क्रय केंद्र पर अब भी सक्रिय हैं बिचौलिए, किसानों को नहीं मिल रहा वाजिब दाम Prayagraj News
शासन की ओर से धान का समर्थन मूल्य 1868 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। हालांकि किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम नहीं मिल पा रहा है। लगातार शिकायत मिलने पर करछना में एसडीएम ने छापेमारी कर गड़बड़ी पकड़ी थी।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में धान क्रय केंद्र पर बिचौलियों से धान खरीदा जा रहा था। किसानों का आरोप है कि अब भी बिचौलिए धान क्रय केंद्र पर मनमानी कर रहे हैं। किसानों को वाजिब दाम नहीं मिलने से वे परेशान हैं। उनका कहना है कि खेती के लिए नकद रुपये की जरूरत होने की वजह से मजबूरी में कम दाम पर धान बेचना पड़ रहा है। हालांकि किसानों की शिकायत के बाद जिला प्रशासन ने सक्रियता दिखाई थी। इसके बाद भी मनमानी जारी है।
दरअसल, शासन की ओर से धान का समर्थन मूल्य 1868 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है। हालांकि किसानों को उनकी उपज का वाजिब दाम नहीं मिल पा रहा है। लगातार शिकायत मिलने पर करछना में एसडीएम ने छापेमारी कर गड़बड़ी पकड़ी थी। आरोपितों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। कार्रवाई के बावजूद बिचौलियों में बिल्कुल खौफ नहीं दिख रहा है। धान खरीद में मनमानी की जा रही है।
सोरांव तहसील क्षेत्र के नेवादा निवासी किसान मनीष यादव, मंजीत व हिमू का कहना है कि क्रय केंद्र पर कई दिन से टरकाया जा रहा था। इसलिए 12 सौ रुपये प्रति क्विंटल की दर से व्यापारी को धान बेच दिया। वहीं, फूलपुर में क्रय केंद्र पहुंचे रणजीत यादव और दानबहादुर मिश्र का कहना है कि हफ्ते भर पहले धान का सैम्पल लेकर बिक्री के लिए फ़ोन पर सूचना देने को कहा गया। हालांकि अब तक धान नहीं खरीदा गया। उनका आरोप है कि केंद्र और बिचौलिए हावी हैं। आरोप है कि व्यापारियों से धान खरीद कर लक्ष्य पूरा किया जा रहा है और किसान अपनी उपज बेचने को भटक रहे हैं। इस संबंध में केंद्र प्रभारी सुप्रिया सिंह का कहना है कि मानक के अनुरूप ही धान खरीद की जा रही है।