Mahashivratri 2021: हर-हर, बम-बम के उद्घोष से संगम में लग रही डुबकी, शिवालयों में लगी भक्तों की कतार
Mahashivratri 2021 धर्म-कर्म त्याग व समर्पण के माघ मेला का छठवां व अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर अबकी ग्रह-नक्षत्रों में दुर्लभ सामंजस्य बना है। इसी कारण स्नान ध्यान व दान को लेकर लोगों में ज्यादा उत्साह है। संगम क्षेत्र स्नानार्थियों से गुलजार है।
प्रयागराज,जेएनएन। हर-हर, बम-बम के उद्घोष के साथ संगम में डुबकी लग रही है। दूर-दूर से आए श्रद्धालु गुरुवार की भोर से स्नान करने लगे। इससे संगम की धरा भोलेमय है। स्नान के बाद श्रद्धालु तीर्थपुरोहितों के मंत्रोच्चार के बीच पूजन कर रहे हैं। संगम के अलावा अरैल, गंगा के अक्षयवट, रामघाट, दारागंज, गंगोली शिवालय, ओल्ड जीटी व फाफामऊ में स्नान का सिलसिला चल रहा है। प्रशासन के मुताबिक महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर दोपहर 12बजे तक लगभग 350000 लोगों ने स्नान किया।
धर्म-कर्म, त्याग व समर्पण के माघ मेला का छठवां व अंतिम स्नान पर्व महाशिवरात्रि पर अबकी ग्रह-नक्षत्रों में दुर्लभ सामंजस्य बना है। इसी कारण स्नान, ध्यान व दान को लेकर लोगों में ज्यादा उत्साह है। संगम क्षेत्र स्नानार्थियों से गुलजार है। मनोवांछित फल की प्राप्ति के लिए संगम में स्नान करने के लिए श्रद्धालु बुधवार को ही प्रयागराज पहुंच चुके थे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन ने विशेष तैयारी की है। जगह-जगह सुरक्षा का विशेष प्रबंध किया गया है।
शिवालयों में लगा तांता
महाशिवरात्रि पर शहर के शिवालयों में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी है। मनकामेश्वर, दशाश्वमेध, पंचमुखी महादेव, भोले गिरि, हाटकेश्वर महादेव, शिवकोटि महादेव सहित हर शिवालय में सुबह से जलाभिषेक करने वाले श्रद्धालु पहुंचने लगे। दर्शन व जलाभिषेक करके लोग भोलेनाथ से मनोवांछित फल प्राप्ति की कामना कर रहे हैं। वहीं, शिवालयों में काफी श्रद्धालु रुद्राभिषेक व महाभिषेक भी करवा रहे हैं। कोरोना संक्रमण के मद्देनजर महिला व पुरुषों के लिए अलग-अलग व्यवस्था है।
करा रहे हैं भंडारा
महाशिवरात्रि पर विभिन्न मोहल्लों में भंडारा चलाया जा रहा है। श्रद्धालुओं को भोलेनाथ का गण मानकर लोग उनसे प्रसाद ग्रहण करने की विनती कर रहे हैं।