प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. एलएस ओझा बोले-व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होगा भाजपा का कार्यकर्ता प्रशिक्षण शिविर
प्रयागराज में भाजपा काशी प्रांत के कार्यकर्ताओं के मंडलीय प्रशिक्षण शिविर में डॉ. एलएस ओझा ने कहा कि भाजपा दुनिया की सब से बड़ी पार्टियों में से एक है। ऐसे संगठन से जुड़े कार्यकताओं को चाहिए कि वे अपने व्यक्तित्व के विकास के लिए भी प्रयास करें।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज में इन दिनों भाजपा काशी प्रांत के कार्यकर्ताओं के लिए मंडलीय प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रशिक्षण उन्हें पार्टी की रीति व नीति से अवगत कराने के साथ ही व्यक्तित्व विकास में भी सहायक होगा। यह जानकारी भाजपा के प्रदेश चिकित्सा प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ. एलएस ओझा ने दी। उन्होंने कार्यकताओं से कहा कि शिविर में सक्रिय भागीदारी करें। ऐसे आयोजन में केंद्र व प्रदेश सरकार की नीतियों की भी जानकारी भली भांति होती है। जनता के बीच किन मुद्दों को लेकर जाना है यह भी स्पष्ट होगा।
बोले, भाजपा दुनिया की सब से बड़ी पार्टियों में से एक है
डॉ. एलएस ओझा ने कहा कि भाजपा दुनिया की सब से बड़ी पार्टियों में से एक है। ऐसे संगठन से जुड़े कार्यकताओं को चाहिए कि वे अपने व्यक्तित्व के विकास के लिए भी प्रयास करें। यह तब होगा जब भरपूर साहित्य का भी अध्ययन किया जाए।
कार्यकर्ता पत्र पत्रिकाओं का भी अध्ययन करें : महापौर अभिलाषा गुप्ता
कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए पहुंची मेयर अभिलाषा गुप्ता नंदी ने कहा कि संगठन की तरफ से पांचजन्य सहित तमात तरह के पत्र पत्रिकाओं का भी प्रकाशन होता है। सभी लोग भली प्रकार से उनका अध्ययन करें। इससे जानकारी बढ़ेगी साथ ही पार्टी के सिद्धांतों की भी समझ होगी। यदि तथ्यों की जानकारी रहेगी तो अपने आप आम जनता को जोड़ पाएंगे। कार्यकर्ताओं को संबोधित करने के लिए संगठन के अन्य पदाधिकारी भी पहुंचे।