Liquor Death Case: प्रयागराज के नवाबगंज में दो लोगों की मौत, परिवार के लोगों ने कहा, पी थी शराब
भीटी पट्टी रजई गांव में दो युवकों की मौत हो गई। इसमें एक रेलकर्मी था। दोनों के स्वजनों का कहना है कि शुक्रवार रात शराब के नशे में वह घर आए थे। पहले उल्टी हुई और फिर मुंह से झाग निकली। इसके बाद दोनों ने दम तोड़ दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। जनपद के नवाबगंज थानांतर्गत भीटी पट्टी रजई गांव में दो युवकों की मौत हो गई। इसमें एक रेलकर्मी था। दोनों के स्वजनों का कहना है कि शुक्रवार रात शराब के नशे में वह घर आए थे। पहले उल्टी हुई और फिर मुंह से झाग निकली। इसके बाद दोनों ने दम तोड़ दिया। शरीर भी काला पड़ गया था। स्वजनों ने दोनों के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। शराब से मौत की चर्चा होने पर पहुंचे पुलिस अफसरों ने मृतकों के स्वजनों से बातचीत कर पड़ताल शुरू कर दी है।
उल्टी होने के बाद मुंह से निकला झाग, शरीर पड़ गया था काला
भीटी पट्टी रजई गांव निवासी अरविंद यादव उर्फ पप्पू (30) पुत्र स्व. अमृत लाल यादव रेलवे में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी थे। वह रामचौरा रेलवे स्टेशन पर तैनात थे। उनकी दोस्ती पड़ोस के अतुल कुमार यादव उर्फ मोनू (28) पुत्र रज्जन यादव से थी। शुक्रवार देर शाम अतुल घर से निकले। इसके बाद वह अरविंद के साथ रात नौ बजे घर लौटे। अतुल के पिता के मुताबिक वह शराब के नशे में था। खाना खाकर जैसे ही बिस्तर पर लेटा, कुछ देर बाद उसे उल्टी होने लगी। उसका शरीर अकडऩे लगा। मुंह से झाग आने लगा। यह देखकर उसे अस्पताल ले जाने लगे, तब तक उसकी मौत हो गई। शनिवार सुबह श्रृंगवेरपुर घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, अरविंद की हालत भी शनिवार सुबह 11 बजे अचानक बिगडऩे लगी। उसे भी उल्टी होने लगी। मुंह से झाग निकलने लगा। यह देखकर उसे रेलवे अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन रास्ते में ही मौत हो गई। अरविंद के भाई आशीष का कहना है कि वह शराब के आदी नहीं थे, लेकिन कभी-कभार शराब पीते थे। शुक्रवार रात अतुल के साथ ही वह घर आए थे। श्रृंगवेरपुर घाट पर अंतिम संस्कार कर दिया गया। उधर, अरविंद की पत्नी सुमन का कहना है कि काफी समय से उसके पति की तबीयत खराब रहती थी, जिसकी वजह से वह शराब नहीं पीते थे। इस मामले की जानकारी पुलिस को देर शाम हुई तो आनन-फानन में एसपी गंगापार धवल जायसवाल, सीओ सोरांव अमिता सिंह टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
एसपी गंगापार का है कहना
अरविंद डायबिटीज का मरीज था। पांच वर्ष से उसका इलाज चल रहा था। 15 दिन पहले उसे बेली अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसकी मौत बीमारी से हुई है। जबकि अतुल की मौत के मामले में उसके स्वजनों का कहना है कि वह शराब पीकर घर आया था। हालांकि अभी तक जहरीली शराब से मौत की पुष्टि नहीं हुई है। दोनों मामले की जांच कराई जा रही है।
-धवल जायसवाल, एसपी गंगापार