बच्ची से छेड़छाड़ के अभियुक्त को उम्रकैद, कौशांबी का रहने वाला, उन्नाव में की कारगुजारी
अभियुक्त रेवती रमण सिंह खोजवापुर थाना मंझनपुर जिला कौशांबी का रहने वाला है। मंगलवार को सजा सुनाते हुए जज ने आदेश दिया कि अर्थदंड की राशि पीडि़ता को दी जाएगी। मामले में राज्य की ओर से पैरवी सहायक शासकीय अधिवक्ता अशोक कुमार त्रिपाठी व देवेश त्रिपाठी ने की।
प्रतापगढ़, जागरण संवाददाता। मासूम बालिका से छेड़छाड़ करने के अभियुक्त को सजा मिली है। उसे विशेष न्यायाधीश पाक्सो/अपर सत्र न्यायाधीश पंकज कुमार श्रीवास्तव ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई है।
बच्ची ने खुद बताई थी आरोपित की करतूत
अभियुक्त रेवती रमण सिंह खोजवापुर मंझनपुर जिला कौशांबी का रहने वाला है। मंगलवार को सजा सुनाते हुए जज ने आदेश दिया कि अर्थदंड की राशि पीडि़ता को दी जाएगी। मामले में राज्य की ओर से पैरवी सहायक शासकीय अधिवक्ता अशोक कुमार त्रिपाठी व देवेश त्रिपाठी ने की। वादी मुकदमा ने थाना कोतवाली उन्नाव में दो मार्च 2017 को प्रार्थना पत्र दिया था कि उसके कार्यालय में कार्यरत अर्दली रेवती रमण द्वारा उसकी सात वर्षीय पुत्री के साथ आवास पर भिन्न-भिन्न समय पर गलत नियत से पिछले कई दिनों से छेडख़ानी की जा रही है। उक्त बात की जानकारी उसे दी गई। उसके पूछने पर पीडि़ता ने बताया कि रेवती रमण उसके प्राइवेट पार्ट को छूता था। मना करने पर उसे मम्मी पापा की कसम खिलाकर किसी से नहीं बताने की धमकी देता था। वादी की तहरीर पर थाना कोतवाली उन्नाव में एफआइआर लिखी गई थी। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
घर में घुसकर पूरे परिवार को पीटा
प्रतापगढ़ में संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के भद्शिव डाला का पुरवा गांव की रोली यादव पुत्री कमलेश यादव घर के गेट के सामने रास्ते में गांव के कुछ लोगों ने गड्ढा खोदकर दीवार खड़ी करने लगे। रोली ने विरोध किया तो उक्त दबंगों ने उसे जान से मारने की नियत से खदेड़ लिया। वह जान बचाकर घर के अंदर भागी। हमलावर घर में घुस गए और उसे पीटा। शोर सुनकर पिता कमलेश व भाई अनुराग वहां पर पहुंचकर बीच बचाव करने का प्रयास किया तो दबंगों ने उन पर भी लोहे के राड से हमला कर दिया, जिससे तीनों घायल हो गए। शोर सुनकर पहुंचे स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। पीडि़त रोली ने गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी।
चार पर दर्ज हुआ मुकदमा
बाघराय क्षेत्र के पीथीपुर गांव के रामखेलावन व रामचंद्र यादव के बीच जमीन को लेकर विवाद चला आ रहा है। राम खेलावन ने थाने में तहरीर दी कि मेरी जमीन को गांव के रामचंद्र जबरन कब्जा कर रहे हैं। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दे रहे हैं। रामखेलावन की तहरीर पर पुलिस ने गांव के रामचंद्र यादव, सुभाष, सुधीर, सुजीत के विरुद्ध मुकदमा दर्ज करके मामले की छानबीन शुरू कर दी है।