जमीन की रजिस्ट्री करानी है तो यह खबर जरूर पढ़ें, काम आएगी Prayagraj News
जमीन की रजिस्ट्री अब और महंगी होगी। जमीन की रजिस्ट्री कराने में दो से आठ फीसद स्टांप शुल्क बढ़ेगा। सिविल लाइंस में सबसे ज्यादा आठ फीसद बढ़ेगा।
प्रयागराज, जेएनएन। अगर आपको जमीन की रजिस्ट्री कराना है तो यह खबर जरूर पढ़ें, क्योंकि ये आपके काम आएगी। परेशान भी नहीं होना पड़ेगा। अब जमीन की रजिस्ट्री कराना और भी महंगा होगा। शहर और ग्रामीण क्षेत्र में सर्किल रेट बढ़ाई जा रही है। इस साल दो से आठ फीसद तक स्टांप शुल्क बढ़ाया जाएगा। यह बढ़ा शुल्क पहली अगस्त से लागू हो जाएगा। बता दें कि पिछले साल स्टांप शुल्क नहीं बढ़ाया गया था। इससे पहले अक्टूबर 2017 में स्टांप शुल्क बढ़ाया गया था।
सिविल लाइंस और जार्जटाउन में सबसे ज्यादा सर्किल रेट बढ़ेगा
सबसे ज्यादा शहर के सिविल लाइंस और जार्जटाउन में सबसे ज्यादा सर्किल रेट बढ़ेगा। यहां स्टांप शुल्क आठ फीसद बढ़ाया गया है। जबकि अल्लापुर, तेलियरगंज, शिवकुटी, करेली, धूमनगंज इलाके में चार से छह फीसद स्टांप शुल्क बढ़ा है। नैनी, झूंसी और फाफामऊ में तीन से पांच प्रतिशत स्टांप शुल्क बढ़ाया गया है। करछना, सोरांव, हंडिया व फूलपुर में तीन से चार प्रतिशत और बारा, मेजा व कोरांव के सुदूर इलाके में दो प्रतिशत ही स्टांप शुल्क बढ़ाया गया है। अलबत्ता कोरांव, सिरसा, भारतगंज व शंकरगढ़ टाउन एरिया में चार फीसद शुल्क बढ़ाया गया है।
भूमि एवं संपत्तियों की मूल्यांकन सूची अनंतिम रूप से प्रकाशित : एमपी सिंह
एडीएम वित्त एवं राजस्व एमपी सिंह ने बताया कि तहसीलों से संबंधित भूमि एवं संपत्तियों की मूल्यांकन सूची अनंतिम रूप से प्रकाशित कर दी गई है। सूची संबंधित तहसील उप निबंधक, सहायक महानिरीक्षक निबंधन एवं जिला निबंधक प्रयागराज के कार्यालय तथा नोटिस बोर्ड पर निरीक्षण तथा अवलोकन के लिए उपलब्ध है। अनंतिम मूल्यांकन सूची के संबंध में कोई भी आपत्ति दे सकता है। आपत्ति एक जुलाई से 15 जुलाई के अंदर दी जा सकती है।