राज्य स्तरीय कराटे में कौशांबी को एक गोल्ड व दो रजत
अलीगढ़ में आयोजित राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता में कौशांबी के खिलाडि़यों को तीन मेडल प्राप्त हुआ। एक स्वर्ण और दो रजत पदक पाने वाले खिलाडि़यों का स्वागत किया गया।
प्रयागराज : अलीगढ़ महोत्सव के दौरान आठ फरवरी को राज्य स्तरीय कराटे प्रतियोगिता आयोजित हुई। इसमें कौशांबी के के खिलाडिय़ों ने एक गोल्ड व दो रजत पदक जीता है। इन खिलाडिय़ों को दूसरी बार यह सफलता मिली है।
अलीगढ़ महोत्सव में कौशांबी कराटे एसोसिएशन की ओर से तीन खिलाडिय़ों ने प्रतिभाग किया था। कौशांबी की खिलाड़ी निवेदिता केसरवानी ने 12 वर्ष आयु वर्ग व 32 किलो भार वर्ग की प्रतियोगिता में लगातार एक के बाद चार मुकाबले जीतते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया। इसी प्रकार जाह्नवी शर्मा ने 12 वर्ष आयु वर्ग व 30 किलो भार वर्ग में लगातार तीन मुकाबले जीतकर रजत पदक झटका। तीसरे खिलाड़ी के रूप में शाश्वत शर्मा ने पदक जीता। उन्होंने आठ वर्ष आयु वर्ग व 20 किलो भारवर्ग की प्रतियोगिता में रजत पदक जीता। इन तीनों खिलाडिय़ों को अलीगढ़ के एसडीएम जोगिंदर सिंह, खेल अध्यक्ष कौशल कपूर व कराटे एसोसिएशन अलीगढ़ के अध्यक्ष दीपाली जैन, उपाध्यक्ष कमल जैन आदि ने पदक देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही इस सफलता पर उनके कोच आयुष साहू व हर्ष चौरसिया को भी सम्मानित किया गया।
वापस लौटने पर खिलाडि़यों का हुआ स्वागत
प्रतियोगिता में शामिल होने के बाद सभी खिलाड़ी कौशांबी आए। यहां कराटे एसोसिएशन के प्रदेश सचिव जसपाल सिंह ने इस उपलब्धि पर खिलाडिय़ों को बधाई दी। उन्होंने बताया कि लगातार दूसरी बार इन खिलाडिय़ों ने यह सम्मान प्राप्त किया है। कराटे एसोसिएशन के अध्यक्ष विजय प्रकाश सोनकर सहित अभिभावक कृष्ण कुमार शर्मा, रीना शर्मा, मोहम्मद शाहिद, शिक्षक अनूप वर्मा, देवेंद्र द्विवेदी, विजय प्रकाश सोनकर आदि ने बच्चों को बधाई दी है।