Kaushambi Road Accident: कोखराज के सिरोही टोल प्लाजा के निकट सड़क हादसे में किशोर की मौत
Kaushambi Road Accident रात करीब दो बजे रास्ता भटकने के कारण अनिल अपने साथियाें से बिछड़ गया और कोखराज थाना क्षेत्र केसिहोरी टोल प्लाजा की तरफ चला गया। वहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी जनपद में कोखराज थाना क्षेत्र के सिहोरी टोल प्लाजा के समीप अज्ञात वाहन की चपेट में आने से किशोर की मौत हो गई। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। हादसा शुक्रवार की रात में हुआ। पुलिस उस अज्ञात वाहन का पता लगाने का प्रयास कर रही है, जिसने किशोर को टक्कर मारी थी। चालक वाहन लेकर वहां से फरार हो गया था।
साथियों से बिछड़कर टोल प्लाजा पहुंच गया था अनिल
सैनी कोतवाली क्षेत्र के दरजिन का पुरवा निवासी द्वारका प्रसाद का 15 वर्षीय पुत्र अनिल कुमार शादी के कार्यक्रम में बुक होने वाले डीजे में काम करता है। शुक्रवार की रात को भी अनिल डीजे के साथ भरवारी कस्बा वैवाहिक समारोह में गया था। वहां से वह अपने साथियों के साथ वापस घर लौट रहा था। रात करीब दो बजे रास्ता भटकने के कारण अनिल अपने साथियाें से बिछड़ गया और कोखराज थाना क्षेत्र केसिहोरी टोल प्लाजा की तरफ चला गया। वहां अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने परिवार वालाें को हादसे की जानकारी दी।
बोलेरो की टक्कर से शिक्षक घायल
प्रयागराज में थरवई थाना क्षेत्र के पडि़ला महादेव बैजू बाबरा मंदिर के निकट बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार शिक्षक घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। बाघराय प्रतापगढ़ निवासी बालजी मिश्र 48 शिवकुटी में रहते हैं। वह स्वामी विवेकानंद विद्याश्रम थरवई में शिक्षक हैं। शुक्रवार की शाम वह विद्यालय से बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पडि़ला मंदिर के निकट एक बोलेरो ने बाइक में टक्कर मार दिया। इससे वह घायल हो गए। घटना के बाद वाहन समेत चालक फरार हो गया।
विवाहिता की रक्तरंजित शव बाग में मिला
प्रतापगढ़ जनपद में सांगीपुर थाना के अंतर्गत बासूपुर ग्राम सभा उसरापट्टी के कैल्वरिया बाग में संदिग्ध हाल में लगभग 27 वर्षीय महिला का शव मिला। उसकी चाकुओं से गोदकर हत्या की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने महिला की शिनाख्त कराने की ग्रामीणाें से कोशिश की लेकिन अभी तक पहचान नहीं हो सकी है। सांगीपुर कोतवाली की पुलिस छानबीन में जुटी है। मौके पर मोबाइल भी मिला है।