फायरिंग, तोड़फोड़, मारपीट में Kaushambi police ने लिखा दूसरा केस, पूर्व प्रधान समेत चार हुए नामजद
म्योहर निवासी पंकज कुमार पूर्व प्रधान हैं। उनका मोहल्ले के ही हर्षित केसरवानी से रास्ते से निकलने का विवाद लंबे समय से बना हुआ है। शनिवार की दोपहर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट और फायरिंग हुई थी।
प्रयागराज, जेएनएन। कौशांबी में कड़ाधाम क्षेत्र के म्योहर गांव में रास्ते के विवाद में हुए गोलीकांड में दूसरे पक्ष से भी पुलिस ने तीन दिन बाद पूर्व प्रधान समेत चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर लिया है। दोनों पक्ष से कार्रवाई के बावजूद तनातनी की स्थिति बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि गांव के हालात पर नजर रखी जा रही है।
गोलीकांड प्रकरण में पूर्व प्रधान समेत चार पर क्रास केस
म्योहर निवासी पंकज कुमार पूर्व प्रधान हैं। उनका मोहल्ले के ही हर्षित केसरवानी से रास्ते से निकलने का विवाद लंबे समय से बना हुआ है। शनिवार की दोपहर भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ। आरोप है कि इसी दौरान हर्षित केसरवानी ने लाइसेंसी रिवाल्वर से ताबड़तोड़ फायरिंग की। एक गोली पूर्व प्रधान के सीने में जा लगी। आक्रोशित पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों ने भी हर्षित के घर में तोडफ़ोड़ करते हुए परिवार वालों को पीटा। इसके बाद मौके पर पहुंची इलाके की पुलिस ने पंकज को अस्पताल में भर्ती कराया। साथ ही हर्षित व उसके चाचा मनोज समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पूर्व प्रधान के परिवार से वीरेंद्र कुमार से मिली तहरीर पर तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। घटना के बाद से तनावपूर्ण माहौल होने के कारण पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई। इसी बीच हर्षित पक्ष से परिवार की सपना केसरवानी पत्नी मनोज कुमार की तहरीर पर पुलिस ने बुधवार को पूर्व प्रधान पंकज समेत वीरेंद्र केसरवानी, मनीष व अमन के खिलाफ भी तोडफ़ोड़ व मारपीट का केस दर्ज किया। कार्रवाई के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।