Kanpur Police Encounter : प्रयागराज व प्रतापगढ़ के बलिदानी दारोगाओं के घर पहुंचे प्रदेश के मंत्री, बंधाया ढांढस
Kanpur Police Encounter कानपुर में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए हंडिया के दारोगा के घर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ व प्रतापगढ़ के एसआइ के घर मंत्री महेंद्र सिंह पहुंच आर्थिक सहायता दी।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रदेश सरकार के मंत्रियों क्रमश: सिद्धार्थनाथ सिंह और डाॅ. महेंद्र प्रताप सिंह ने मंगलवार को प्रयागराज और प्रतापगढ़ में उन दारोगाओं के परिवार वालों को ढांढस बंधाया जो कानपुर के बिकरूपुर में वीरगीत को प्राप्त हुए थे। महेंद्र सिंह ने प्रतापगढ़ में मांधाता थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलखरी गांव निवासी दारोगा अनूप सिंह के परिवार वालों को एक करोड़ रुपये की राशि दी। इसी तरह प्रयागराज में हंडिया के नऊआन गांव निवासी दारोगा नेबूलाल के परिवार वालों को सिद्धार्थ नाथ सिंह ने एक करोड़ रुपये की सहायता का चेक प्रदान किया। साथ ही मंत्रीगणों ने परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया।
प्रतापगढ़ में कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह पहुंचे बलिदानी दारोगा के घर
प्रतापगढ़ के प्रदेश सरकार के जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह मंगलवार को अपराह्न दो बजे मांधाता ब्लाक क्षेत्र स्थित बेलखरी गांव में बलिदानी दारोगा अनूप सिंह के घर पहुंचे। उन्होंने पिता रमेश बहादुर सिंह और पत्नी नीतू सिंह से मिले और उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने इस मौके पर कहा कि इस दुख की घड़ी में सभी उनके साथ हैं। प्रदेश सरकार की तरफ से बलिदानी दारोगा के माता- पिता के खाते में दस-दस लाख एवं पत्नी के खाते में 80 लाख का बैंक डिपाजिट सर्टिफिकेट भी सौंपा। साथ ही परिवार के लोगों और वीरांगना नीतू सिंह से वादा किया कि वे जिसका भी नाम प्रस्तावित करेंगे, उसे प्रदेश सरकार नौकरी देगी।
बलिदानी दारोगा अनूप सिंह के नाम सड़क बनेगी
कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह ने बलिदानी दारोगा अनूप सिंह के नाम सड़क, ग्राम प्रवेश द्वार और गांव में पानी की टंकी बनाए जाने की घोषणा भी की। करीब आधा घंटा परिजनों के साथ उनका दुख बांटकर वह यहां से रवाना हो गए।
अपराधियों को चौराहे पर खड़ा करके गोली मार देना चाहिए
कैबिनेट मंत्री महेंद्र सिंह से बातचीत के दौरान बलिदानी दारोगा के पिता रमेश बहादुर सिंह ने कहा कि जिस कायरतापूर्ण ढंग से उनके बेटे और अन्य पुलिस कर्मियों को मारा गया, ऐसे अपराधियों को चौराहे पर खड़ा करके गोली मार देना चाहिए। मंत्री महेंद्र सिंह ने आश्वस्त किया कि यूपी पुलिस बदमाशों को सबक सिखाकर रहेगी। बलिदानी पुलिस कर्मियों का बलिदान बेकार नहीं जाएगा।
मंत्री सिद्धार्थनाथ ने बलिदानी दारोगा की पत्नी व पिता को चेक प्रदान किया
इसी प्रकार कानपुर में ही बलिदानी दारोगा नेबूलाल हंडिया के नऊआन गांव के रहने वाले थे। मंगलवार की दोपहर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थनाथ सिंह दारोगा के आवास पर पहुंचे। उन्होंने बलिदानी दारोगा के पैत्रिक आवास पहुंचकर दारोगा की पत्नी विरांगना श्यामा देवी को 80 लाख रुपये का व बलिदानी दारोगा के पिता कालिका प्रसाद को 20 लाख रुपये का चेक दिया। इस दौरान उन्होंने वीरगति को प्राप्त हुए दारोगा के परिवार के सदस्यों को ढांढस बंधाया। मंत्री के साथ जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक व भाजपा के कई नेतागण भी मौजूद रहे।