Kanpur Police Encounter Effect : ये वाहन हैं पुलिस के रडार पर, टोल प्लाजा पर हो रही सघन चेकिंग Prayagraj News
टोल प्लाजा के पास पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। यहां लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी जा रही है। खासतौर पर टोल प्लाजा से गुजरने वाले कानपुर के पंजीकृत वाहनों पर नजर रखी जा रही हैं।
प्रयागराज, जेएनएन। कानपुर में आठ पुलिस कर्मियों की जान लेने के आरोपित हिस्ट्रीशीटर विकास दुबे की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस हर कदम उठा रही है। इसी कड़ी में जोन के सभी टोल प्लाजा पर विशेष निगरानी हो रही है। यहां से निकलने वाले वाहनों पर नजर रखी जा रही है। खासकर कानपुर के वाहनों पर विशेष नजर है। जिन गाडिय़ों पर कुछ संदेह हो रहा है उनमें बैठे लोगों को बाहर कर सघन तलाशी भी हो रही है। टोल प्लाजा पर विकास दुबे का पोस्टर भी चस्पा करने की तैयारी है।
टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों पर रखी जा रही नजर
प्रयागराज जोन के हंडिया, सहसों, नवाबगंज, मुंगारी, नारीबारी, जसरा, लालानगर, भदोही, कोखराज में टोल प्लाजा हैं। इन सभी टोल प्लाजा के पास पुलिस की चौकसी बढ़ा दी गई है। यहां लगे सीसीटीवी की फुटेज देखी जा रही है। खासतौर पर टोल प्लाजा से गुजरने वाले कानपुर के पंजीकृत वाहनों पर नजर रखी जा रही हैं। जिन भी गाडिय़ों पर कानपुर का रजिस्ट्रेशन नंबर यूपी 78 दिखता है, पुलिसकर्मी चौकन्ना हो जाते हैं। अगर कार है तो उसमें कौन-कौन है, इसकी जानकारी लेते हैं। ट्रक है तो उसमें क्या लदा है, यह भी देखते हैं। टोल प्लाजा के कर्मचारियों से कहा गया है कि कोई भी संदिग्ध नजर आए तो तत्काल इसकी जानकारी दी जाए।
बोले, एडीजी प्रेम प्रकाश
एडीजी प्रेम प्रकाश का कहना है कि टोल प्लाजा पर वैसे भी पुलिस सक्रियता बरतती है। अब कानपुर की घटना के मुख्य आरोपित विकास दुबे को दबोचने के लिए इसमें और तेजी लाई गई है। जोन के सभी पुलिस कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि टोल प्लाजा से गुजरने वाले वाहनों पर नजर रखें।