IRCTC कराएगा प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या समेत चार धार्मिक शहरों की यात्रा, फ्लाइट से होगा पूरा सफर
IRCTC प्रयागराज समेत चार धार्मिक शहरों की विशेष यात्रा कराएगा। यह यात्रा बेंगलुरु से शुरू होगी। पांच रात और छह दिन की इस यात्रा में अयोध्या गया काशी और प्रयागराज का दर्शन श्रद्धालु कर सकेंगे। यात्रा 30 अगस्त को बेंगलुरु एयरपोर्ट से सुबह 5.20 बजे रवाना होगी।
प्रयागराज, जेएनएन। भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आइआरसीटीसी) प्रयागराज समेत चार धार्मिक शहरों की विशेष यात्रा कराएगा। यह यात्रा बेंगलुरु से शुरू होगी। पांच रात और छह दिन की इस यात्रा में अयोध्या, गया, काशी और प्रयागराज का दर्शन श्रद्धालु कर सकेंगे। यात्रा 30 अगस्त को बेंगलुरु एयरपोर्ट से सुबह 5.20 बजे रवाना होगी। वापसी में यात्रियों को वाराणसी से बेंगलुरु तक फ्लाइट के जरिए ही ले जाएगा।
ट्रेन की बजाय अबकी फ्लाइट से तैयार किया पैकेज
ट्रेन के जरिए विशेष पैकेज देने के बाद अब आइआरसीटीसी यात्रियों को फ्लाइट के जरिए सुविधा देगा। आइआरसीटीसी के जनसंपर्क अधिकारी आनंद कुमार ने बताया कि यात्रियों को धार्मिक यात्रा करने के लिए विशेष पैकेज तैयार किया गया है। पहले दिन बेंगलुरु से यात्रा शुरू होगी और सीधे वाराणसी पहुंचेंगे, वहां से गया तक सफर तय होगा। दूसरे दिन गया से वाराणसी, तीसरे दिन सारनाथ, चौथे दिन अयोध्या, पांचवें दिन प्रयागराज पहुंचेंगे। छठवें दिन वाराणसी से शाम छह बजे फ्लाइट बेंगलुरु के लिए रवाना होगी। पैकेज 35410 रुपये से 44 हजार तक है।
बस स्टेशन पर देश भक्ति की थीम पर प्रदर्शनी का समापन
प्रयागराज : सिविल लाइंस बस अड्डे पर देशभक्ति की थीम पर लगी आजादी की प्रदर्शनी का समापन हुआ। तिरंगे के रंग में अस्थाई तौर पर इसे मुख्य भवन के हाल में बनाया गया था। प्रदर्शनी के बीचो-बीच महात्मा गांधी का कट आउट व चरखे के आकार में चक्र के साथ आजादी का अमृत महोत्सव टैग लाइन उकेरा गया था।
गैलरी में आजादी की लड़ाई से संबंधित वीडियो दो स्क्रीन पर यात्रियों को दिखाए गए। प्रदर्शनी में डिजिटल इंडिया, पीएम मोदी समेत चंद्रशेखर आजाद, राजेंद्र लाहड़ी, गोविंद वल्लभ पंत, मंगल पांडे, सुभाष चंद्र बोस के चित्रों को जगह दी गई। 1857 की क्रांति, कोरोना वैक्सीनेशन, इसरो, मंगलयान आदि की तस्वीरें भी यहां संजोई गई थी। यात्रियों को प्रदर्शनी खूब पसंद आई। क्षेत्रीय प्रबंधक एमके त्रिवेदी, एआरएम सीबी राम, सिविल लाइंस डिपो केंद्र प्रभारी वीके सिंह, उमेश चंद्र श्रीवास्तव आदि ने यात्रियों का स्वागत किया।