प्रतापगढ़ में कच्चे मकान की दीवार गिरी, मलबे में दबने से मासूम बालिका की मौत व भाई जख्मी
हादसा प्रतापगढ़ के लालगंज कोतवाली इलाके में हुआ। रात में सोते समय मासूम बालिका पर कच्चे घर की दीवार गिर गई। इससे उसकी मौत हो गई वहीं उसका भाई जख्मी हो गया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद के लालगंज कोतवाली क्षेत्र में रविवार की देर रात कच्चे घर की दीवार ढह गई। दीवार के मलबे में मासूम बालिका दब गई। जुटे लोगों ने मशक्कत के बाद दोनों को मलबे में से बाहर निकाला और अस्पताल ले गए। चिकित्सक ने मासूम बालिका को मृत घोषित कर दिया। वहीं उसके भाई को मामूली चोट आई है। इस हादसे में एक मवेशी की भी मौत हुई है।
हादसे के समय मंगरू परिवार के साथ घर के दरवाजे पर सो रहा था
लालगंज कोतवाली इलाके के कल्याणपुर में मंगरू कोरी गरीब है। वह कच्चे घर में परिवार के साथ रहता है। मकान भी जर्जर हो चुका है। रविवार की रात मंगरू अपने परिवार के साथ घर के दरवाजे पर सो रहा था। देर रात अचानक जर्जर कच्चे मकान की दीवार ढह गई। दीवार के मलबे में मंगरू की बेटी काजल उर्फ कजरी (10) मलबे में दब गई। दीवार गिरने की तेज आवाज पर मंगरू समेत आसपास के लोगों की नींद खुल गई। तत्काल मलबे को हटाने में लोग जुट गए। मशक्कत के बाद दीवार का मलबा हटाकर उसमें दबी कजरी को बाहर निकाला गया।
दीवार के मलबे में दबने से अंकित चोटिल हुआ
जख्मी हालत में कजरी को लेकर परिवार के लोग स्थानीय चिकित्सक के पास पहुंचे। जांच-पड़ताल करने के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। उधर कजरी के बगल सो रहा उसका 16 वर्षीय भाई अंकित पर भी मलबे का कुछ हिस्सा गिरा, जिससे वह चोटिल हो गया। वहीं दीवार के मलबे में दबने से एक बकरी भी मर गई। हादसे से परिवार के लोग गमगीन हैं।
प्रयागराज फैजाबाद हाईवे पर सड़क हादसे में युवक की मौत व दो जख्मी
प्रतापगढ़ नगर कोतवाली क्षेत्र के प्रयागराज-फैजाबाद हाईवे पर राजगढ़ गांव के निकट सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। वहीं दो युवक जख्मी हो गए। हादसा रविवार की रात में हुआ। नगर कोतवाली क्षेत्र के रंगोली का कनेस्ता गांव निवासी रमेश कुमार (20) पुत्र जमुना प्रसाद कटरा मेदनीगंज बाजार से मजदूरी कर बाइक से घर जा रहा था। उसके साथ उसका बड़ा भाई सुरेश और पड़ोस में रहने वाला ननके पुत्र बंटेश भी था। राजगढ़ गांव के पास हाईवे पर अचानक बेसहारा पशु आ गया। उसे बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर बाइक जानवर से टकरा गई। पेट में पशु का सींग घुसने से बाइक चला रहे रमेश की मौत हो गई। वहीं दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उपचार के लिए सुरेश और ननके को जिला अस्पताल में भर्ती कराया और शव को कब्जे में ले लिया। रमेश ने हेलमेट पहन रखा था।