नाना ने किया था मासूम बालक का अपहरण, गर्लफ्रेंड को छुड़ाने के लिए रची थी साजिश Prayagraj News
रिश्ते पर कलंक का एक और नमूना प्रयागराज में दिखा। भांजे के साथ भागी गर्लफ्रेंड को छुड़ाने के लिए एक व्यक्ति ने मासूम बालक का अपहरण किा था। वह रिश्ते में नाना लगता है। पुलिस ने दो आरोपितों को हिरासत में लेकर मासूम बालक को सकुशल बरामद कर लिया।
प्रयागराज, जेएनएन। कहते हैं कि ये कलयुग है। इसमें रिश्ताें का कोई मायने नहीं है। रिश्ते पर कलंक लगते रहे हैं। इसका एक और ताजा उदाहरण प्रयागराज में देखने को मिला। शहर के करेली में रहने वाले 15 माह के मासूम जियान का अपहरण हो गया था। अपहरण किसी और ने नहीं, बल्कि रिश्ते में नाना लगने वाले नन्हें ने किया था।
वह भी अपनी गर्लफ्रेंड को भांजे के कब्जे से छुड़ाने के लिए ऐसी कुटिल चाल चली। हालांकि इस केस में पुलिस की सक्रियता भी दिखी। 48 घंटे में ही मासूम जियान को सकुशल बरामद कर लिया। वहीं आरोपित को उसके दोस्त दिलदार के साथ गिरफ्तार कर लिया गया।
नन्हें की प्रेमिका को उसका भांजा लेकर भागा था
प्रतापगढ़ में अंतू थाना अंतर्गत बिहारगंज गांव निवासी शादीशुदा नन्हें सऊदी अरब में नौकरी करता था। चार बच्चे भी हैं। उसका भांजा सलमान प्रतापगढ़ में रहता है। सलमान के जीजा मंसूर, पत्नी व बेटे जियान के साथ करेली के करेंहदा गांव में रहते हैं। पुलिस के मुताबिक नन्हें की दोस्ती फेसबुक के जरिए प्रतापगढ़ की एक लड़की से हुई। उस लड़की का सलमान से भी संपर्क हो गया। इश्क परवान चढ़ा तो करीब दो माह पहले सलमान माशूका को लेकर भाग गया। सऊदी से लौटा नन्हें इस बात से नाराज हो गया।
सबक सिखाने के लिए नन्हें ने सलमान के भांजे का अपहरण किया
सबक सिखाने के लिए सलमान के भांजे के अपहरण की योजना रची। साथी दिलदार के साथ दो हजार रुपये में अनीश की कार बुक की। करेली पहुंच कर चॉकलेट दिलाने के बहाने जियान को लेकर घर से निकल गया। उधर, बच्चे के गायब होने से परेशान मंसूर ने करेली थाने में अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई। कुछ घंटे बाद नन्हें ने वाट्सएप कॉल के जरिए मंसूर के सामने शर्त रखी कि अगर जियान चाहिए वह तो सलमान से उसकी गर्लफ्रेंड वापस करवाए। जियान की हत्या की भी धमकी दी।
बालक सकुशल बरामद, अपहर्ता हिरासत में
एसएसपी सर्वश्रेष्ठ त्रिपाठी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सर्विलांस प्रभारी बृजेश सिंह व इंस्पेक्टर करेली संजय सिंह की टीम को लगाया। पुलिस ने बच्चे को सकुशल बरामद करते हुए अपहर्ताओं को दबोच लिया। बालक के सकुशल मिलते ही घरवालों के साथ पुलिस ने राहत की सांस ली है। पुलिस का दावा है कि मुख्य अभियुक्त भांजे के कब्जे से गर्लफ्रेंड को छुड़ाने के लिए घटना अंजाम दी। एसएसपी ने यह जानकारी मीडिया को दी।