धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोपित असिस्टेंट प्रोफेसर की बढ़ी सुरक्षा Prayagraj News
धार्मिक टिप्पणी का वीडियो वायरल होने पर इलाहाबाद विश्वविद्यालय के प्रोफेसर को लगातार धमकी मिलने लगी है। इसीलिए उनकी सुरक्षा को बढ़ा दिया गया है।
प्रयागराज, जेएनएन। इलाहाबाद विश्वविद्यालय के मध्यकालीन एवं आधुनिक इतिहास विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. विक्रम की देर रात अचानक सुरक्षा बढ़ा दी गई। उन पर धार्मिक भावनाएं भड़काने का आरोप था। इस पर उन्होंने एसएसपी को पत्र लिखकर मॉब लिंचिंग की आशंका जताते हुए सुरक्षा की मांग की थी।
उनका धार्मिक टिप्पणी का वीडियो वायरल हुआ था
डॉ. विक्रम की नियुक्ति इविवि में दो अगस्त 2013 को हुई थी। इसके बाद से लगातार उन पर आरोप लग रहे हैं। उन पर 2014 में पुस्तकालय से किताब चोरी का भी आरोप लगा था। इसके बाद सवाल अधिक पूछने का आरोप भी छात्रों ने लगाया था। इसी बीच सोशल मीडिया पर उनका वीडियो वायरल हो गया। इसमें वह धार्मिक भावनाएं आहत करने वाला बयान दे रहे थे। इसके बाद से उन्हें धमकी मिलने लगी। डॉ. विक्रम ने बताया कि 26 अगस्त को उन्होंने इविवि जाना छोड़ दिया। वह 29 अगस्त को शहर छोड़कर बाहर चले गए।
मॉब लिंचिंग की आशंका जताते हुए रजिस्ट्रार से सुरक्षा की मांग की थी
इस दौरान फोन पर और सोशल मीडिया पर लगातार उनको धमकियां मिल रही थीं। इसी बीच रजिस्ट्रार प्रोफेसर एनके शुक्ला ने उनको दो बार नोटिस भी भेजा। डॉ. विक्रम ने मॉब लिंचिंग की आशंका जताते हुए रजिस्ट्रार को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की। इस पर रजिस्ट्रार ने जवाब दिया कि वह सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन से संपर्क करें। डॉ. विक्रम ने एसएसपी को पत्र लिखकर सुरक्षा की मांग की। इसके बाद देर रात करीब तीन बजे सुरक्षा के लिहाज से उन्हें दो गनर दिए गए। गुरुवार को उन्होंने गनर के साथ इविवि पहुंचे और ज्वाइन कर लिया था।