जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर ट्रक और मैजिक की भिड़ंत, दो की मौत व दो जख्मी Prayagraj News
जौनपुर-रायबरेली हाईवे प्रतापगढ़ में भोर में ट्रक और मैजिक की भिड़ंत हो गई। हादसे में मैजिक चालक के साथ ही एक महिला की भी मौत हो गई। वहीं दोनों वाहनों के खलासी जख्मी हो गए।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में रविवार की भोर में बड़ा हादसा हो गया। सड़क हादसे में एक ही परिवार के दो लोगों की जान चली गई। नगर कोतवाली क्षेत्र के पूरे गनपत घाटमपुर गांव के पास जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर भोर में करीब पांच बजे ट्रक और मैजिक में भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद दोनों वाहन पलट गए। इसमें एक महिला समेत मैजिक चालक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दोनों वाहनों के चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गए। आसपास के जुटे लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में ले लिया। वहीं घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
विपरीत दिशा में ट्रक और मैजिक वाहन में हुई थी भिड़ंत
जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर बादशाहपुर से प्याज लदा ट्रक प्रतापगढ़ की ओर जा रहा था। वहीं मैजिक विपरीत दिशा से जा रही थी। प्रतापगढ़ नगर कोतवाली क्षेत्र के पूरे गनपत घाटमपुर गांव के पास हाईवे पर भोर में करीब चार बजे सामने से मैजिक आ रही थी। मैजिक मनोज कुमार चला रहा था। इसी दौरान दोनों वाहन आपस में भिडऩे के बाद पलट गए। उसी समय पूरे गनपत गांव की राजपत्ती (45) पत्नी सुदामा गुप्ता शौच को गई थी। वह भी हादसे की चपेट में आ गई।
वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देकर मदद का प्रयास किया। वहां पहुंची पुलिस ने क्रेन आदि की मदद से दोनों वाहनों को हटाया। तब जाकर उसके नीचे व वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाला। हालांकि मैजिक चालक मनोज कुमार और राजपत्ती की मौत हो चुकी थी। वहीं दोनों वाहनों के खलासी घायल हुए। मनोज कहां का रहने वाला था, इसकी जानकारी अभी नहीं हो सकी है। पुलिस ने घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप