कांवड़ लेकर लौट रहे यु्वक समेत दो की सड़क हादसों में मौत, दो गंभीर Prayagraj News
मोहनगंज के सकनी पुल के समीप अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार शैलेश की मौत हो गई कुलदीप जख्मी हो गया। वहीं संग्रामगढ़ में गड्ढे में बाइक गिरने से एक की मौत व एक जख्मी हुए।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज से कांवड़ लेकर लौट रहे युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से रविवार की देर रात मौत हो गई। प्रतापगढ़ जनपद में मोहनगंज स्थित सकर्नी पुल के समीप हुए हादसे में उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायल को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया। वहीं संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र में गड्ढे में बाइक गिरने से एक भक्त की मौत हो गई, जबकि उसका पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
जलाभिषेक कर अन्य कांवड़ों के साथ लौटते समय हुआ हादसा
चार दिन पूर्व प्रतापगढ़ में शैलेश सिंह उर्फ रिंकू 30 पुत्र अवधेश सिंह निवासी पयागपुर औरिस्ता अंतू अपने ननिहाल के पड़ोसी कुलदीप सिंह तथा अन्य लोगों के साथ कांवड़ में जल भरने क्षेत्र के ईसीपुर डेकाही से प्रयागराज गया था। वहां से गंगाजल लेने के बाद सभी को सोमवार के दिन भगवान शिव का जलाभिषेक करना था। जल लेकर सभी वापस घर लौट रहे थे। मोहनगंज के पास सकर्नी पुल के समीप अज्ञात वाहन ने विनोद और कुलदीप को टक्कर मारते हुए फरार हो गया। हादसे में शैलेश की मौके पर ही मौत हो गई।
पिछले कई वर्षों से कांवड़ लेने प्रयागराज जाता था
मौत की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया। उधर हादसे की जानकारी मिलने पर पयागपुर गांव में शैलेश के घर में गमगीन माहौल हो गया। बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों ने बताया कि रिंकू कई सालों से कांवर लेकर इलाहाबाद जाता रहा है। शैलेश के एक भाई व एक बहन के साथ मां सितारा का रो-रोकर हाल बेहाल है। पिता अवधेश सिंह मुंबई में एक प्राइवेट नौकरी करते हैं।
गंभीर रूप से जख्मी कुलदीप जिला अस्पताल में भर्ती
उधर हादसे में घायल कुलदीप सिंह निवासी इसीपुर डे काही को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत गंभीर होने पर प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के लिए चिकित्सकों ने रेफर कर दिया।
गड्ढे में बाइक गिरने से श्रद्धालु की मौत, पुत्र जख्मी
प्रतापगढ़ में संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के नरई चौराहे के पास बाइक सड़क किनारे गड्ढे गिरने से हादसा हो गया। सोमवार को हुए इस हादसे में अधेड़ की मौत हो गई जबकि उसका पुत्र जख्मी हो गया। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के गुलनार गांव का कांवरिया संतराम (52) अपने बेटे मोहित के साथ घुइसरनाथ धाम में जलाभिषेक करके सोमवार की सुबह बाइक से घर वापस लौट रहे थे। संग्रामगढ़ थाना क्षेत्र के ही नरई चौराहे के पास बाइक सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। इसमें संतराम की मौत हो गई, जबकि मोहित गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वहीं दूसरा हादसा कोतवाली नगर के सकरनी नदी के पुल पर रविवार की रात को हुआ। इसमें अंतू थाना क्षेत्र के इसीपुर गांव के शैलेश सिंह की मौत हो गई। इनकी बाइक को किसी वाहन ने रात में टक्कर मार दी। दोनों प्रयागराज से गंगाजल लेकर बेलखरनाथ धाम जा रहे थे। हादसे में बाइक पर बैठा साथी कांवरिया कुलदीप घायल हो गया। उसे इलाज के लिए प्रयागराज भेजा गया है।
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप