प्रयागराज में Police Encounter में घायल बदमाश शातिर है, कुशीनगर से आए स्नानार्थियों की बोलेरो की थी चोरी
बदमाशों काे पता था कि अगर वे शहर से बाहर बाेलेरो लेकर निकले तो पकड़े जाएंगे। साथ ही चौराहों पर लगे सीसीटीवी के माध्यम से भी उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। सलिए सबसे पहले उन लोगों ने बोलेरो के आगे और पीछे लगे नंबर प्लेट को हटा दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रयागराज शहर में करेली थाना क्षेत्र के बक्शीमोढ़ा के पास शुक्रवार की रात पुलिस से बदमाशों की मुठभेड़ हुई। इसमें घायल बदमाश ने अपने साथियों के साथ नौ फरवरी की रात बोलेरो चोरी की थी। बोलेरो कीडगंज थानांतर्गत वेणी माधव मंदिर के पास सड़क किनारे खड़ी की थी। इससे कुशीनगर के करीब दस लोग मौनी अमावस्या पर संगम स्नान को आए थे। गाड़ी यहां खड़ी कर जब वे संगम स्नान को गए तो बदमाशों ने वाहन पर हाथ साफ कर दिया था।
नंबर प्लेट निकाल शहर में ही घूमते रहे
मौनी अमावस्या पर पुलिस की हर तरफ नाकेबंदी थी। वाहनों की जांच पड़ताल की जा रही थी। बदमाशों काे पता था कि अगर वे शहर से बाहर बाेलेरो लेकर निकले तो पकड़े जाएंगे। साथ ही चौराहों पर लगे सीसीटीवी के माध्यम से भी उनकी गिरफ्तारी हो सकती है। इसलिए सबसे पहले उन लोगों ने बोलेरो के आगे और पीछे लगे नंबर प्लेट को हटा दिया। इसके बाद शहर में ही इधर-उधर घूमने लगे। शुक्रवार रात करेली से होते हुए कौशांबी के रास्ते से हाइवे पकड़कर प्रतापगढ़ जाने के लिए निकले तभी करेली पुलिस से मुठभेड़ हो गई और वह पकड़े गए।
रात भर चला सर्च आपरेशन
करेली के अस्करी मार्केट के पास शुक्रवार रात इंस्पेक्टर बृजेश सिंह और क्राइम ब्रांच की टीम वाहनों की जांच कर रही थी। उसी समय तेजी से आई बोलेरो पुलिस के रोकने के बावजूद भाग निकली। बक्शीमोढ़ा के पास घेराबंदी कर दी गई और फिर खुद को फंसते देख बदमाश बोलेरो वहीं पर रोककर पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए भागने लगे थे। जवाबी फायरिंग में साहिल उर्फ शहनवाज निवासी हथिगवां प्रतापगढ़ नामक बदमाश को गोली लग गई थी, जबकि उसके दो साथी भागने में सफल रहे। फरार बदमाशों की तलाश में पुलिस ने रात भर सर्च आपरेशन चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली।