प्रतापगढ़ में छेड़खानी से तंग आकर किशोरी के खुदकुशी का मामला, तीसरा आरोपित पुलिस की पकड़ से दूर, पुलिस हिरासत में भर्ती आरोपित की हालत में सुधार
रोज-रोज की छेड़छाड़ से तंग आकर उनकी बेटी ने कुएं में कूदकर जान दे दी। इस मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने डब्बू गुड्डू गुन्नू के खिलाफ छेडख़ानी पास्को एक्ट के तहत तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया था।
प्रतापगढ़,जेएनएन। जिले के बाघराय इलाके में छेड़खानी से तंग आकर किशोरी के खुदकुशी करने के मामले में मुख्य आरोपित की तलाश में पुलिस की टीमों ने संभावित ठिकानों पर दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। जबकि पुलिस हिरासत में अस्पताल में भर्ती आरोपित की हालत में सुधार है।
यह था मामला
बाघराय थाना क्षेत्र के एक गांव की किशोरी ने 13 अक्टूबर को दोपहर घर के सामने स्थित कुएं में कूदकर जान दे दी थी। किशोरी के माता-पिता ने आरोप लगाया था कि कि ढाबा संचालक डब्बू सिंह पुत्र राम दयाल सिंह निवासी पुवांसी, उसका भाई गुड्डू सिंह और ढाबे पर काम करने वाला गुन्नू तिवारी निवासी ढिग़वस थाना लालगंज छह महीने से उनकी बेटी को छेड़ रहे थे। लोकलाज के कारण वह इसकी शिकायत पुलिस से नहीं कर रहे थे। यही नहीं, 12 अक्टूबर को रात में घर में कूदकर गुन्नू तिवारी ने छेड़छाड़ की थी। विरोध करने पर उसे मारा-पीटा था। रोज-रोज की छेड़छाड़ से तंग आकर उनकी बेटी ने कुएं में कूदकर जान दे दी। इस मामले में पिता की तहरीर पर पुलिस ने डब्बू, गुड्डू, गुन्नू के खिलाफ छेडख़ानी, पास्को एक्ट के तहत तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया था।
एक आरोपित को पुलिस ने भेजा है जेल
पुलिस ने घटना के दिन ही आरोपित गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया था और बुधवार को उसे जेल भेज दिया था। दूसरे आरोपित डब्बू सिंह को पुलिस ने गुरुवार को हिरासत में ले लिया था। लेकिन मुख्य आरोपित गुन्नू तिवारी पुलिस की पकड़ से दूर है। एसपी द्वारा गठित पुलिस की तीन टीमें गुन्नू के घर के अलावा प्रयागराज, कौशांबी जिले में भी संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन शुक्रवार की शाम तक सफलता नहीं मिल सकी थी। एसओ उमेश कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य आरोपित को पकडऩे के लिए उनके करीबियों के साथ ही प्रयारागज, कौशांबी जिले में दर्जन भर स्थानों पर स्थानों पर दबिश दी गई, लेकिन अभी वह मिल नहीं सका है।
पुलिस हिरासत में भर्ती आरोपित की हालत में सुधार
छेड़छाड़ से आजिज आकर किशोरी द्वारा कुएं में कूदकर जान देने के मामले में पकड़े गए आरोपित डब्बू सिंह की हालत गुरूवार को अचानक खराब हो गई थी। उसे फौरन सीएचसी बाघराय ले जाया गया था। वहां पर हालत में सुधार न होने पर चिकित्सक ने उसे एसआरएन हास्पिटल प्रयागराज रेफर कर दिया था। पुलिस अभिरक्षा में उसका प्रयागराज में इलाज चल रहा है। एसओ उमेश कुमार ने बताया कि आरोपित डब्बू की हालत में सुधार है, जल्द ही उसे जेल भेज दिया जाएगा।