कौशांबी में जिला पंचायत सदस्य के पति लापता, डिप्टी सीएम केशव मौर्य के करीबी माने जाते हैं
कौशांबी जनपद में जिला पंचायत सदस्य के पति अचानक लापता हो गए हैं। रहस्यमय ढंग से लापता होने के बाद उनकी स्कार्पियो लावारिस हालत में मिली। पुलिस उनका पता लगाने में जुटी है। वहीं सिराथू के वर्तमान विधायक शीतला प्रसाद भी मौके पर पहुंचकर जानकारी ली।
प्रयागराज, जेएनएन। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जनपद के जिला पंचायत सदस्य पूनम मौर्य के पति राजीव मौर्य बुधवार की रात रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हो गए। उनकी स्कार्पियो वाहन कोखराज थाना क्षेत्र में एक होटल पर लावारिश हालत में गुरुवार सुबह मिली। राजीव मौर्य का मोबाइल बुधवार रात से ही बंद है।
राजीव मौर्य की पत्नी वार्ड संख्या छह से जिपंस हैं
जिला पंचायत सदस्य के पति राजीव मौर्य के अचानक गायब होने से उनके परिवारीजनों का रो-रो कर हाल बेहाल है। राजीव मौर्य सैनी क्षेत्र के गुलामीपुर के रहने वाले हैं। उनकी पत्नी वार्ड संख्या छह से जिला पंचायत सदस्य हैं। राजीव मौर्य उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के करीबी माने जाते हैं। उनके गायब होने की सूचना पर हड़कंप मच गया है।
सिराथू विधायक शीतला प्रसाद पहुंचे
राजीव मौर्य के संदिग्ध हाल में लापता होने और लावारिश हालत में उनकी कार मिलने की सूचना पर सिराथू विधानसभा से भाजपा विधायक शीतला प्रसाद पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने इस संबंध में जानकारी ली। इस मामले में गुमशुदगी दर्ज करने के बाद सैनी थाने की पुलिस ने जांच शुरू कर दी। उनकी सरगर्मी से पुलिस तलाश कर रही है। हालांकि अभी तक कोई सूचना नहीं मिली है। इससे उनके परिवार में अनहोनी की भी आशंका जताई जा रही है।
राजीव की अंतिम लोकेशन फतेहपुर बार्डर के समीप मिली
राजीव मौर्य व्यवसाय करते हैं। घर के समीप ही उनका गेस्ट हाउस है। एक इंटर कालेज भी है। जिस होटल के बाहर उनकी गाड़ी मिली है। उस होटल में लगे कैमरे के सीसीटीवी फुटेज में गाड़ी रात करीब 2:00 बजे आकर वहां खड़ी हुई बताई जा रही है। उसी स्कार्पियो गाड़ी से एक व्यक्ति उतरा और वही खड़ी जनरथ बस पे सवार होकर चला गया। राजीव के मोबाइल की अंतिम लोकेशन कौशांबी और फतेहपुर बार्डर पर कनवार के समीप मिलने की बात कही जा रही है।