नैनी के गांधीनगर में गिरा मकान, महिला व चार बच्चे घायल Prayagraj News
वह सभी सोने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान भरभराकर मकान गिर गया। मलबे में दबने से महिला आैर उसके चार बच्चे जख्मी हो गए। उन्हें एसआनएन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रयागराज, जेएनएन। नैनी कोतवाली क्षेत्र के गांधीनगर मोहल्ले में सोमवार की रात में एक मकान गिर गया। मकान के मलबे में महिला और उसके तीन बच्चे दब गए। आसपास के लोगों ने किसी प्रकार मलबे को हटाकर सभी को बाहर निकाला। इसी बीच पहुंची पुलिस ने गंभीर अवस्था में घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। घटना से मौके पर अफरा-तफरी मची रही।
खाना कर सभी सोने की तैयारी कर रहे थे कि हादसा हो गया
गांधीनगर मोहल्ले में मारकंडे मिश्रा का मकान है। मकान के अगले हिस्से में बड़ा बेटा अनिल मिश्रा का परिवार रहता है। वहीं पिछले हिस्से में छोटा बेटा सुनील मिश्रा परिवार सहित रहता है। सुनील मध्य प्रदेश में किसी निजी कंपनी में काम करता है। गांधीनगर स्थित घर में उसकी पत्नी शशि मिश्रा, बड़ा बेटा प्रांजल, शिवम् तथा बेटी प्रीति व खुशी रहती हैं। मंगलवार की रात में वह सभी लोग खाना खाने के बाद सोने की तैयारी कर रहे थे। उसी समय मकान अचानक ढह गया। मकान के मलबे में शशि, प्रांजल, शिवम्, प्रीति व खुशी दब गई।
मलबा हटाकर घायलों को एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया
मकान गिरने की तेज आवाज से आसपास के लोगों मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू कर दिया। इस बीच सूचना पाकर वहां नैनी पुलिस भी पहुंची। किसी प्रकार मशक्कत के बाद सभी को गंभीर हालत में बाहर निकाला गया। पुलिस ने घायलो को मलवे से निकाल कर शहर के स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया। उधर जानकारी होने पर सुनील भी घर के लिए रवाना हुआ।
महिला की गिरने से मौत
प्रतापगढ़ जिले के मांधाता क्षेत्र के अंतपुर गांव निवासी चमेला देवी ( 80) पत्नी सोमवारी यादव सोमवार की रात में घर के बाहर लकड़ी पर गिरने से घायल हो गई। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। गांव से किसी ने पुलिस को फोन करके सूचना दिया कि चमेला देवी की एक्सीडेंट मौत हो गई। सुबह मानधाता एसओ संजय कुमार यादव मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लिया।