हिस्ट्रीशीटर आबिद ने माफिया अतीक अहमद से अदावत का बुना तानाबाना तो मिल गई सरकारी सुरक्षा
आबिद प्रधान पर एक-दो नहीं बल्कि 35 संगीन मामले धूमनगंज समेत अन्य थानों में दर्ज हैं। विधायक राजू पाल हत्याकांड के साथ ही अपने चचेरी बहन अलकमा और ड्राइवर सुरजीत की हत्या में वह आरोपित है। अपहरण रंगदारी जमीन पर कब्जा समेत कई और मामले में भी वह नामजद है।
प्रयागराज, जेएनएन। माफिया अतीक अहमद के खूंखार गुर्गे और हार्ड कोर क्रिमिनल आबिद प्रधान ने सरकारी सुरक्षा के लिए जबरदस्त तरीके से तानाबाना बुना। उसने माफिया अतीक अहमद से ऐसी अदावत दिखाई कि उसे सरकारी सुरक्षा देनी पड़ गई, जबकि वह हिस्ट्रीशीटर है। माफिया अतीक गैंग की सूची में उसका नाम है, बावजूद इसके उसकी सुरक्षा के लिए सरकारी गनर उपलब्ध करा दिया गया।
तीन दर्जन से अधिक सनसनीखेज मामले हैं दर्ज
आबिद प्रधान पर एक-दो नहीं बल्कि 35 संगीन मामले धूमनगंज समेत अन्य थानों में दर्ज हैं। विधायक राजू पाल हत्याकांड के साथ ही अपने चचेरी बहन अलकमा और ड्राइवर सुरजीत की हत्या में वह आरोपित है। इसके अलावा अपहरण, रंगदारी, जमीन पर कब्जा समेत कई और मामले में वह नामजद है। आबिद प्रधान के नाम से ही लोग खौफ खाते हैं। धूमनगंज थाने की पुलिस ने उसकी हिस्ट्रीशीट खोल रखी है।
काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने किया था गिरफ्तार
माफिया अतीक अहमद के खास गुर्गे मरियाडीह के आबिद प्रधान को पुलिस ने करीब दो वर्ष पहले काफी मशक्कत के बाद गिरफ्तार किया था। लंबे समय से फरार आबिद पुलिस के हाथ नहीं लगता था। मरियाडीह में पुलिस टीम दाखिल नहीं हो पाती थी। वजह यहां आबिद के समर्थक गली और घरों की छत से पुलिस पर हमला कर देते थे। हालांकि, पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी के लिए मुखबिरों का जाल बिछा दिया था और बमरौली के पास से उसे गिरफ्तार किया था। उसकी गिरफ्तारी के समय क्राइम ब्रांच के साथ ही कई थानों की पुलिस भी शामिल थी।
दामाद की पिटाई के बाद से माफिया से अदावत का दिया हवाला
आबिद प्रधान का दामाद जैद है। वह प्रापर्टी डीलर है। वर्ष 2018 में माफिया ने उसका अपहरण करवाया था। अतीक के गुर्गे उसे देवरिया जेल ले गए थे, जहां माफिया ने उसे जमकर पीटा था। मामले में एक वर्ष बाद जैद ने माफिया अतीक समेत 15 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आबिद प्रधान ने इस घटना को ही इस्तेमाल किया। उसने सुरक्षा मांगते समय इसका हवाला देते हुए कहा कि दामाद की पिटाई के बाद से उसकी अतीक से अदावत हो गई है, इसलिए उसे जान का खतरा है।
::::
आबिद प्रधान और उसके दामाद जैद को मिली सुरक्षा
-विधायक राजू पाल हत्याकांड समेत दो दर्जन से अधिक मामले में नामजद है आबिद
-धूमनगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर होने के साथ ही माफिया अतीक के गुर्गों में था शामिल
जागरण संवाददाता, प्रयागराज : माफिया अतीक अहमद के गुर्गे आबिद प्रधान व उसके दामाद जैद को सुरक्षा दी गई है। दोनों को यह सुरक्षा माफिया अतीक अहमद से जान का खतरा जताने पर दी गई है। आबिद प्रधान धूमनगंज थाने का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ विधायक राजू पाल की हत्या करने से लेकर दो दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं।
मरियाडीह का रहने वाला आबिद प्रधान अतीक के खास गुर्गों में शामिल था। विधायक राजू पाल हत्याकांड का वह नामजद आरोपित है। वहीं, अपनी चचेरी बहन अलकमा और ड्राइवर सुरजीत की हत्या करने का भी वह आरोपित है। उस पर हत्या, अपहरण, रंगदारी समेत दो दर्जन से अधिक संगीन मामले दर्ज हैं। अभी कुछ समय पहले प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने बमरौली में उसका दो मंजिला आलीशन मकान ढहाया था। जैद को अतीक अहमद ने अपने गुर्गों से अगवा करवाया था। उस समय वह देवरिया जेल में बंद था। जैद की देवरिया जेल में पिटाई भी की गई थी। इसी घटना के बाद से माफिया अतीक और आबिद प्रधान के बीच अदावत की बात कही जा रही थी। इस बारे में पुलिस अधिकारियों से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।