हाईकोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव की मतगणना : आज मतपेटिका के साथ खुलेगा 193 प्रत्याशियों का 'भाग्य'
हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के 28 सदस्यीय कार्यकारिणी का चुनाव करने के लिए मतपत्रों की गिनती शनिवार की सुबह 10 बजे शुरू होगी। मतगणना शाम पांच बजे तक चलेगी।
प्रयागराज, जेएनएन। एशिया के सबसे बड़े इलाहाबाद हाई कोर्ट के अधिवक्ताओं के संगठन का चुनाव निर्णायक मोड़ पर आ गया है। हाई कोर्ट बार एसोसिएशन के 28 सदस्यीय कार्यकारिणी का चुनाव करने के लिए मतपत्रों की गिनती शनिवार की सुबह 10 बजे शुरू होगी। मतगणना शाम पांच बजे तक चलेगी।
हाई कोर्ट बार एसोसिएशन चुनाव की मतगणना के दौरान पहले दिन डाले गए वोटों की पदवार छंटनी की जाएगी। हर पद के सौ-सौ वोटों का बंडल बनाया जाएगा। फिर पदवार उसकी गिनती की जाएगी। एसोसिएशन के पदाधिकारियों का चुनाव करने के लिए 19 फरवरी को मतदान हुआ था। अलग-अलग पदों पर 193 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। कुल 10,705 मतदाताओं में 8531 ने वोट डाले। मतदान के लिए 9,238 मतपत्र जारी किए गए थे। इसमें 705 ने मतपत्र वापस कर दिया, जबकि त्रुटि के चलते दो वोट रद किए गए।
दो जगह होगी गिनती
मुख्य चुनाव संचालक वरिष्ठ तिवारी ने बताया कि मतपत्रों की गिनती हाईकोर्ट परिसर में दो स्थानों पर होगी। सेंट्रल लाइब्रेरी हॉल में अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, महासचिव व कोषाध्यक्ष पद के प्रत्याशियों को मिले वोटों की गिनती होगी। जबकि कैंटीन के बगल में स्थित लाइब्रेरी में उपाध्यक्ष, संयुक्त सचिव प्रशासन, संयुक्त सचिव लाइब्रेरी, संयुक्त सचिव प्रेस, संयुक्त सचिव महिला के पदों के वोटों की गिनती की जाएगी।
मतगणना का होगा सजीव प्रसारण
पादर्शिता व निष्पक्षता के लिए मतगणना का सजीव प्रसारण किया जाएगा। इससे हर कोई मतगणना पर नजर रख सकेगा।
किस पद पर कितने प्रत्याशी
हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के चुनाव में इस बार प्रत्याशियों की संख्या सबसे अधिक है। अध्यक्ष पद पर सात, महासचिव पद पर अखिलेश कुमार शर्मा सहित 10, वरिष्ठ उपाध्यक्ष के 10, उपाध्यक्ष के 39, संयुक्त सचिव प्रशासन के 17, संयुक्त सचिव लाइब्रेरी के सात, संयुक्त सचिव प्रेस के चार, संयुक्त सचिव महिला के चार, कोषाध्यक्ष के आठ और कार्यकारिणी सदस्य के लिए 87 प्रत्याशियों के बीच टक्कर है।