Covid-19 गाइडलाइन का कौशांबी में नहीं हो रहा पालन, जागरूक रहें वरना यह लापरवाही हो सकती है घातक
Covid-19 को रोकने के लिए बनाई गई गाइडलाइन हम सभी के लिए फायदेमंद है। इसका पालन करके कोरोना वायरस के संक्रमण को रोका जा सकता है। वहीं कौशांबी जनपद में Covid-19 गाइडलाइन का पालन नहीं किया जा रहा है। इसके गंभीर परिणाम भी हो सकते हैं। लोग जागरूक रहें।
कौशांबी, जेएनएन। कौशांबी जनपद में कोविड-19 की गाइडलाइन का पूरी तरह से पालन नहीं किया जा रहा है। लोगों की यह उदासीनता और लापरवाही घातक भी हो सकती है। शारीरिक दूरी का लोग पालन नहीं कर रहे हैं। लोग एक-दूसरे से दूरी बनाने में लापरवाही कर रहे हैं। जिस प्रकार लोग लापरवाह हो रहे हैं, उसी प्रकार कोरोना भी अपने पांव पसार रहा है। प्रति दिन कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। इनकी संख्या में लगातार इजाफा होने से अब मास्क में संक्रमण बढऩे का खतरा हो सकता है। यदि ऐसा हुआ तो लापरवाही के गंभीर परिणाम हो सकते हैं।
लोग कोरोना को लेकर लापरवाह भी हो रहे हैं
जिले में कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए प्रशासन लगातार प्रयास कर रहा है। लोगों के बीच जागरूकता लाने पर इस संक्रमण के फैलाव पर कुछ हद तक रोक भी लगी थी। शुरूआती दौर में संक्रमण रफ्तार में फैला और बीच में इसमें कमी आई। वहीं इधर कुछ दिनों से लोग कोरोना को लेकर लापरवाह भी हो रहे हैं। वह मास्क का प्रयोग अपनी सुरक्षा के लिए नहीं बल्कि पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए कर रहे हैं। सरकारी कार्यालय में जाने मिले, इसके लिए वह मास्क पहन रहे। अपनी सुरक्षा को लेकर इस प्रकार की लापरवाही घातक हो सकती है।
बाजार में भी नजर आ रही बेपरवाही
अभी संक्रमण जिले से पूरी तरह से समाप्त नहीं हुआ है। इसे लेकर शासन और प्रशासन सतर्क है। केवल लोगों की सुविधा के लिए कुछ छूट दी गई है। पुलिस व चौराहों पर तैनात गार्ड भी शारीरिक दूरी का पालन नहीं करा पा रहे हैं। यही हाल रहा तो संक्रमण और तेजी से बढ़ सकता है। जो जिले के लोगों के लिए घातक होगा। अस्पताल, दुकान व बाजार आदि में शारीरिक पूरी तरह से धड़ाम हो चुकी है। पूर्व में दुकानदार अपनी दुकानों के सामने डोरी बांधते थे। इस परंपरा पर भी धीरे-धीरे ग्रहण से लगता जा रहा है। यही हाल रहा तो समस्या गंभीर होगी।
बोले, एसपी अभिनंदन
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अभिनंदन का कहना है कि कोरोना से बचाव के लिए मास्क लगाना व शारीरिक दूरी रखना अनिवार्य है। इसके लिए पुलिस लोगों को जागरूक करती है। जो अनुपालन नहीं करते हैं। उनके खिलाफ कार्रवाई भी की जाती है।