प्रतापगढ़ में मेडिकल रिप्रजेंटेटिव को गोली मारकर जख्मी किया, बाइक सवारों ने वारदात को अंजाम दिया
फतनपुर थाना क्षेत्र के रामापुर गांव निवासी अमर सिंह यादव पुत्र अमरनाथ यादव मेडिकल रिप्रजेंटेटिव है। वह शुक्रवार को सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला था। वह रानीगंज थाना क्षेत्र के गाजी का बाग के निकट टहल रहा था। बाइक सवारों ने उसे गोली मारकर जख्मी कर दिया।
प्रयागराज, जेएनएन। यूपी के प्रतापगढ़ जनपद में शुक्रवार की सुबह एक युवक को गोली मार दी गई। दो बाइकों पर सवार चार बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गए। वारदात उस समय हुई जब युवक सुबह मार्निंग वाक को गया था। वारदात रानीगंज थाना क्षेत्र के गाजी का बाग में हुई। गोली मारने का आरोप युवक के भाई ने अपने ही जीजा ( बहन के पति) पर लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
अमर के कंधे में लगी है गोली
फतनपुर थाना क्षेत्र के रामापुर गांव निवासी अमर सिंह यादव पुत्र अमरनाथ यादव मेडिकल रिप्रजेंटेटिव है। वह शुक्रवार को सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकला था। वह रानीगंज थाना क्षेत्र के गाजी का बाग के निकट टहल रहा था। इसी दौरान सुबह करीब साढ़े छह बजे दो बाइकों पर सवार होकर चार लोग वहां पहुंचे। बाइक सवारों ने अमर सिंह यादव को घेर लिया। जब तक वह कुछ समझ पाता, बाइक सवार उसे लक्ष्य कर फायरिंग कर दी। गोली उसके कंधे पर लगी और वह घायल होकर गिर गया।
अमर के भाई ने जीजा पर लगाया है गोली मारने का आरोप
सुबह के समय फायरिंग की आवाज सुनकर जब तक लोग वहां पहुंचते, हमलावर वहां से फरार हो चुके थे। सूचना पर वहां पुलिस पहुंच गई। लहूलुहान हाल में पुलिस ने एंबुलेंस से अमर सिंह को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उधर सूचना पाकर वहां अमर के परिवार के लोग भी पहुंच गए। अमर के भाई ने गोली मारने का आरोप अपने जीजा और उसके साथी पर लगाया है।