प्रतापगढ़ में पिछले साल से अच्छी होगी धान की पैदावार, जानिए क्या है वजह
जिले में इस बार 98 हजार हेक्टेयर में धान रोपा गया है। जबकि गत वर्ष 96 हजार छह सौ हेक्टेयर में धान की फसल की रोपाई हुई थी। इस साल 1400 हेक्टेयर इसका एरिया धान का बढ़ गया है।
प्रतापगढ़,जेएनएन। जिले में इस वर्ष लगातार अच्छी बरसात होने से धान की पैदावार अच्छी होने के आसार हैं। वैसे ही धान के लगाने का एरिया इस साल बढ़ गया है। उसमें बारिश ने सोने में सुहागा कर दिया है। अब तक जिले में 848.4 मिमी औसत बरसात हुई है।
जिले में 98 हजार हेक्टेयर में रोपा गया है धान
जिले में इस बार 98 हजार हेक्टेयर में धान रोपा गया है। जबकि गत वर्ष 96 हजार छह सौ हेक्टेयर में धान की फसल की रोपाई हुई थी। इस साल 1400 हेक्टेयर इसका एरिया धान का बढ़ गया है। धान की नर्सरी तैयार करने से लेकर धान की रोपाई करने के बाद भी इस बार भगवान इंद्र की कृपा जनपद वासियों पर बनी रही। बरसात के आंकड़ों पर नजर डालें तो जून में 160.8 मिमी, जुलाई में 295.4 मिमी, अगस्त में 253.4, सितंबर में 119 मिमी बरसात हुई है। अब तक कुल 848.4 मिमी बरसात जिले में हो चुकी है। समय-समय पर हुई अच्छी बरसात धान की फसलों के लिए मुफीद साबित हो रही है। हाल ही में तीन दिनों तक रुक-रुक कर बरसात हुई। हालांकि तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर धान की फसलें खेतों में लोट गईं। इसे लेकर किसानों ने चिंता जताई है। ऐसा काफी कम जगहों पर हुआ है।
पिछले साल से अधिक पैदावार होने की उम्मीद
कृषि विभाग का अनुमान है कि इस बार धान की पैदावार गत वर्ष की अपेक्षा अधिक होगी। जिले भर में अच्छी बरसात होने से अनुमान लगाया जा रहा है कि इस बार धान की अच्छी पैदावार होगी। जिला कृषि अधिकारी अश्वनी कुमार सिंह इस वर्ष धान की पैदावार बढऩे के उम्मीद है। जिले में अब तक 848.4 मिमी बारिश हो चुकी है। अभी और बरसात होने के आसार हैं। सबकुछ ठीक रहा तो धान की अच्छी पैदावार होगी।