प्रयागराज में जीएम एनसीआर वर्चुअल समीक्षा बैठक में बोले- स्टेशन और फील्ड कर्मचारियों के साथ निरंतर संवाद जरूरी
एनसीआर टीकाकरण प्रक्रिया को तेज करने के लिए मुख्य अस्पतालों में विशेष पंजीकरण काउंटरों के संचालन पर भी विचार कर रहा है। जीएम ने दूरदराज के स्टेशनों और फील्ड में तैनात कर्मचारियों के साथ निरंतर संवाद की आवश्यकता को दोहराया।
प्रयागराज,जेएनएन। उत्तर मध्य रेलवे कोविड -19 से अपने कार्यबल की रक्षा करते हुए सुरक्षित और कुशल ट्रेन संचालन को निर्बाध रूप से बनाए रखने के लिए सभी जरूरी उपाय कर रहा है। इस सतत निगरानी प्रणाली के अंतर्गत जीएम विनय कुमार त्रिपाठी ने वर्चुअल समीक्षा बैठक की। जीएम ने विशेष रूप से दूरदराज के स्टेशनों और फील्ड में तैनात कर्मचारियों के साथ निरंतर संवाद की आवश्यकता को दोहराया।
पात्र कर्मचारियों को प्राथमिकता पर लगाया जाए टीका
महाप्रबंधक विनय कुमार त्रिपाठी ने सभी विभागों और मंडलों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि सभी पात्र रेलवे कर्मचारियों को प्राथमिकता पर टीका लगाया जाए। उन्होंने तथ्यात्मक जानकारी के प्रसार के माध्यम से फील्ड स्टाफ को टीकाकरण के लिए प्रेरित करने और टीके से जुड़ी किसी प्रकार की भ्रम आदि को दूर करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
27 सौ अधिक कर्मचारियों को हुआ पूर्ण टीकाकरण
अब तक उत्तर मध्य रेलवे के पांच हजार से अधिक कर्मचारियों को वैक्सीन की पहली खुराक दी गई है। जबकि 2700 से अधिक कर्मचारियों का पूर्ण टीकाकरण हो गया है और अप्रैल 2021 के भीतर सभी पात्र कर्मचारियों को टीका लगाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। सभी अस्पतालों और स्वास्थ्य इकाइयों में कार्यरत टीकाकरण केंद्रों की निगरानी और राज्य सरकार के साथ लगातार समन्वय बनाकर सभी पात्र कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों का टीकाकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
एनसीआर टीकाकरण प्रक्रिया को तेज करने के लिए मुख्य अस्पतालों में विशेष पंजीकरण काउंटरों के संचालन पर भी विचार कर रहा है। जीएम ने दूरदराज के स्टेशनों और फील्ड में तैनात कर्मचारियों के साथ निरंतर संवाद की आवश्यकता को दोहराया। उन्होंने कहा कि कोविड -19 महामारी के खिलाफ इस लड़ाई में निगरानी और स्टाफ से नियमित संवाद की प्रणाली अत्यंत महत्वपूर्ण है और मंडल और मुख्यालय के अधिकारियों को इसके लिए मजबूत तंत्र सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया। वर्चुअल बैठक में अपर महाप्रबंधक रंजन यादव समेत तीनों मंडल के डीआरएम शामिल हुए।