Allahabad University: कराटे के साथ कानूनी दांवपेच से अपना बचाव करेंगी NSS की छात्राएं
Allahabad University एनएसएस की छात्राएं मार्शल आर्ट्स सीख रही हैं। कार्यकम समन्वयक डॉ. मंजू सिंह ने कहा कि महिलाओं का अपने अधिकार के प्रति जागरूक होना आवश्यक है। जब उनको अपने अधिकार या महिला संबंधी विभिन्न कानूनों की जानकारी होगी तो निश्चित रूप से वह खुद को सुरक्षित रख सकेंगी।
प्रयागराज, जेएनएन। इलाहाबाद केंद्रीय विश्वविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना (National Service Scheme) से जुड़ी छात्राएं अब कराटे के साथ कानूनी दांवपेच से अपना बचाव कर सकेंगी। कुलपति प्रोफेसर संगीता श्रीवास्तव के निर्देश पर एनएसएस की कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मंजू सिंह ने 'मिशन नारी शक्ति सुरक्षा एवं सम्मान अभियान' के तहत मार्शल आर्ट्स ट्रेनिंग और विधिक जागरुकता शिविर का आयोजन किया है। इस शिविर में उन्हें बाकायदा प्रशिक्षित कर अपनी सुरक्षा का जिम्मा सौंपा जा रहा है।
दांवपेच और कानूनी बारीकी की विशेषज्ञों ने दिए मंत्र
एनएसएस के इस शिविर में कराटे प्रशिक्षक अरविंद, उमा सेन और शिफा ने स्वयं सेविकाओं को सेल्फ डिफेंस की ट्रेनिंग दी। इसमें छात्राओं ने भी दिलचस्पी दिखाई। इसके बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट की अधिवक्ता सुमति रानी गुप्ता ने विधिक साक्षरता के तहत दहेज, भ्रूण हत्या, लैंगिक उत्पीडऩ, घरेलू हिंसा, छेडख़ानी, यौन हमला, शोषण संबंधी कानून, घरेलू हिसा से महिलाओं का संरक्षण, लैंगिक उत्पीडऩ से रोकथाम, एसिड अटैक व साइबर क्राइम, बाल संरक्षण, जीरो एफआईआर आदि से जुड़े अधिनियम व महिलाओं के अधिकार से जुड़े विविध कानूनों की विस्तृत जानकारी दी। सुमति ने कहा अन्याय के प्रति आवाज उठाने की पहल आत्मविश्वास व निडर होकर करना होगा।
छात्राएं ग्रामीण महिलाओं से साझा करेंगी अनुभव
कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मंजू सिंह ने कहा कि आज महिलाओं का अपने अधिकार के प्रति जागरूक होना अति आवश्यक हो गया है। जब उनको अपने अधिकार या महिला संबंधी विभिन्न कानूनों की जानकारी होगी तो निश्चित रूप से वह खुद को सुरक्षित रख सकेंगी। उन्होंने कहा सरकार की ओर से महिला सशक्तिकरण के लिए काफी योजनाएं चलाई जा रही हैं। उन योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं को जागरूक होने पर जोर दिया। कहा कि दी गई विधिक जानकारियों को छात्राएं अपने आसपास की महिलाओं से भी साझा करें। इससे महिलाएं अपना उत्पीडऩ रोकने में स्वयं सक्षम हो सकें। प्रशिक्षण में दीक्षा, रीशू, नीलू त्रिपाठी, गरिमा, सुनिधि सिंह आदि स्वयं सेविकओ ने प्रतिभाग किया।