तंग किया तो मुंहतोड़ जवाब देंगी बेटियां, मिशन शक्ति में बढ़ाया जा रहा हौसला
नोडल अधिकारी आइपीएस तकनीकी सेवाएं उत्तर प्रदेश प्रतिभा आंबेडकर ने जिले में पहुंचकर तीन दिनों तक रुक कर कई स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए थे। कक्षा नौ से 12 तक की बालिकाओं को उनके अंदर आत्मविश्र्वास पैदा करके हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया।
प्रयागराज, जेएनएन। प्रतापगढ़ जनपद में शासन द्वारा महिला सम्मान एवं महिला सशक्तिकरण के लिए मिशन शक्ति कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इसमें स्कूली बालिकाओं को आत्म रक्षा के गुर सिखाने के साथ ही सभी टोल फ्री नंबर की जानकारी उन्हें दी जा रही है। उन्हें यह बताया जा रहा है कि वह अपनी सुरक्षा किस तरह कर सकती हैं। उनकी सुरक्षा के लिए पुलिस काफी सतर्क है। इसके लिए छात्राओं को पुलिस थाने में ले जाकर पुलिस की गतिविधियों से भी अवगत कराया जा रहा है।
छात्राओं को किया जा रहा प्रशिक्षित
बीते माह शासन की नामित नोडल अधिकारी आइपीएस तकनीकी सेवाएं उत्तर प्रदेश प्रतिभा आंबेडकर ने जिले में पहुंचकर तीन दिनों तक रुक कर कई स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए थे। कक्षा नौ से 12 तक की बालिकाओं को उनके अंदर आत्मविश्र्वास पैदा करके हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया। उन्होंने जीजीआइसी, एमडीपीजी कालेज सहित अन्य विद्यालयों में छात्राओं को जागरूक किया था। छात्राओं की समस्याओं के संबंध में शिकायत पेटिका लगाने का सुझाव दिया था। उनके जाने के बाद भी स्कूलों में छात्राओं को आत्मरक्षा, सुरक्षा एवं आपदा से बचाव के तौर-तरीके बताए जा रहे हैं।
अब हर थाने में है महिला हेल्प डेस्क
मिशन शक्ति के अंतर्गत जिला प्रोबेशन विभाग व बाल विकास विभाग भी महिलाओं की सुरक्षा के लिए जिले के विभिन्न गांवों में कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। जिला प्रोबेशन विभाग की जिला कोआर्डिनेटर वंदना शुक्ला ने मानधाता में महिलाओं को मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर 1076, वूमेन पावर हेल्पलाइन 1090, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, गर्भवती महिला चिकित्सा सेवा 102, आपातकालीन चिकित्सा सेवा 108, पुलिस सहायता 112 सहित महिला अधिकारों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही स्कूली छात्राओं को पुलिस थानों में ले जाकर पुलिङ्क्षसग की जानकारी भी दी जा रही है। हर थाने में महिला हेल्पडेस्क स्थापित कर दिया गया है।