प्रतापगढ़ जिले में गंगा नदी में दिखा घड़ियाल, ग्रामीणों में दहशत
कुछ दूर पर घड़ियाल पानी में नजर आया। लोगों ने शोर मचाया तो नहा रहे लोग बाहर आ गए। लोग उसे देखने लगे। कई लोगों ने वीडियो बना लिया। कुछ देर बाद वह आगे बढ़कर आंखों से ओझल हो गया।
प्रतापगढ़, जेएनएन। जिले में गंगा नदी के किनारे स्थित जहानाबाद के गौरी शंकर गंगा घाट पर घड़ियाल दिखाई देने से स्नान करने वाले लोगों में दहशत फैल गई। वह नदी से बाहर आकर कौतूहल में उसे देखने लगे। कुंडा से गंगा नदी गुजरी है। अधिमास माह के आखिरी मंगलवार को शाम करीब पांच बजे कई लोग गंगा में स्नान कर रहे थे।
घाट पर स्नान कर रहे लोग दहशत में
इसी बीच कुछ दूर पर घड़ियाल पानी में नजर आया। लोगों ने शोर मचाया तो नहा रहे लोग बाहर आ गए। लोग उसे देखने लगे। कई लोगों ने वीडियो बना लिया। कुछ देर बाद वह आगे बढ़कर आंखों से ओझल हो गया। जानकारी होने पर पहुंचे ग्राम प्रधान बउवा तिवारी ने इसकी सूचना वन विभाग को दी। हालांकि मौके पर वन कर्मी नहीं आए।
घड़ियाल की दहशत से स्नान को कम आए लोग
घड़ियाल दिखाई देने के बाद बुधवार को गौरी शंकर घाट पर स्नान करने वाले लोग कम ही रहे। जो आए भी वह सजग रहे। इस बारे में वन क्षेत्राधिकारी अशोक यादव का कहना है कि गंगा जी में मगरमच्छ व घडिय़ाल नहीं रहेंगे तो कहां रहेंगे। वहीं, डीएफओ बीआर अहीरवार का कहना है कि वीडियो मिला है। उसका अध्ययन किया जा रहा है। इस बात का पता लगाया जाएगा कि घड़ियाल कुंडा क्षेत्र में कहां हैं और कितने हैं। यह संरक्षित किए जाने वाले जलीय जीव हैं।