प्रदेश में बह रही विकास की गंगा : केशव
भाजपा अनर्गल बयानबाजी व दिखावे की राजनीति नहीं करती। बल्कि विकास की दिशा हर प्रयास करती है।
जागरण संवाददाता, प्रयागराज : भाजपा अनर्गल बयानबाजी व दिखावे की राजनीति नहीं करती। बल्कि बिना किसी भेदभाव के सबको ध्यान में रखकर जमीनी स्तर पर काम करके दिखाया जाता है। यही कारण है कि देश व प्रदेश में आज विकास की गंगा बह रही है। उक्त बातें प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कही। दारागंज स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर के नवनिर्मित यात्री निवास, सत्संग भवन के लोकार्पण समारोह को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो कहा उसे करके दिखाया। अयोध्या में विश्व का सबसे भव्य मंदिर बन रहा है। धारा-370, तीन तलाक को खत्म कर दिया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सड़क व पुल का जाल बिछाया जा रहा है। हर व्यक्ति की उन्नति के लिए सरकार ने बिना भेदभाव के काम किया है। कहा कि प्रयागराज का चहुंमुखी विकास करके उसे विश्व मानचित्र में लाना उनका उद्देश्य है। इसके लिए निरंतर काम हो रहा है। प्राचीन व धार्मिक स्थलों को नया स्वरूप देने का काम युद्ध स्तर पर जारी है। उन्होंने खड़े हनुमान मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए अपनी निधि से सहयोग देने की घोषणा किया। संयोजन कर रहे भाजपा के काशी क्षेत्र उपाध्यक्ष अवधेश चंद्र गुप्त ने कहा कि उप मुख्यमंत्री विकास पुरुष हैं। उन्होंने प्रदेश की उन्नति में अहम योगदान दिया है। उप मुख्यमंत्री ने भंडारा का शुभारंभ किया। इस अवसर पर भाजपा महानगर अध्यक्ष गणेश केशरवानी, विधायक हर्षवर्धन वाजपेयी, पुजारी सुजीतनाथ योगेश्वर, राजू पाठक, सुभाष वैश्य, राजेश केशरवानी, बृजमोहन कुशवाहा, पंकज कुशवाहा, राजेश पाठक आदि मौजूद रहे।